महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन के लिए प्रदेश सरकार चला रही मिशन शक्ति अभियान : कपिलदेव
महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन के लिए प्रदेश सरकार चला रही मिशन शक्ति अभियान : कपिलदेव
बिजनौर 20 सितंबर | प्रभारी मंत्री जिला बिजनौर कपिल देव अग्रवाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वालंबन के लिए समर्पित मिशन शक्ति-5.0 कार्यक्रम की अध्यक्षता की गई। इस अवसर पर बिजनौर विधायक श्रीमती सुचि चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनय कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर/ जिला सूचना अधिकारी हर्ष चावला सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं जन प्रतिनिधि मौजूद थे।
मन्त्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति-5.0 अभियान चलाया गया है। इस अभियान के तहत विभिन्न थानों में एंटी-रोमियो टीमों द्वारा पुलिस पाठशाला (चौपाल) का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने मिशन शक्ति-5.0 के मुख्य उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा प्रदान करना और उनकी समस्याओं का निस्तारण करना, महिलाओं और बालिकाओं को सम्मान दिलाना और महिलाओं और बालिकाओं को स्वावलंबी बनाना और उन्हें विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सशक्त बनाना है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा मिशन शक्ति-5.0 के तहत साइबर अपराध से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए 'ऑपरेशन गरुण', एसिड की अवैध बिक्री के खिलाफ 'ऑपरेशन शील्ड', स्कूल-कॉलेजों के आसपास अवांछनीय तत्वों के खिलाफ 'ऑपरेशन मजनू', 'ऑपरेशन रक्षा' मानव तस्करी कर लायी गई महिलाओं और बालिकाओं को बचाने के लिए।
'ऑपरेशन ईगल' महिला अपराधों में वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, अश्लील सामग्री की चेकिंग और नियंत्रण के लिए 'ऑपरेशन डेस्ट्राय' सहित महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वलांबी बनाने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि उनमें आत्मविश्वास पैदा हो और बेटियां बेख़ौफ़ हो कर अपने उज्जवल भविष्य का निर्माण कर सकें। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और उनमें आत्मविश्वास की भावना को बलवती बनाने के लिए 1090, 112, 181, 1076, 1098, 108, 102 तथा 1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर जारी कर 24 घंटे सहायता उपलब्ध कराने की सुविधा प्रदान कराई गई | सरकार के इन्हीं सफल प्रयासों के परिणामस्वरूप सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में महिलाओं ने हर जगह अपना सम्मानजनक एवं प्रभावी स्थान सृजित किया है।
जिलाधिकारी जसजीत कौर द्वारा विश्वास दिलाते हुए कहा गया कि मिशन शक्ति-5.0 अभियान को पूरे जिले में मुख्यमंत्री द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों एवं प्रभारी मंत्री के मार्गदर्शन में अंतर्विभागीय समन्वय के साथ संपन्न कराया जाएगा।