श्रीमहंत रविन्द्र पुरी निरंजनी अखाड़े के पुन: बनाए गए सचिव, संतों ने दी बधाई

उच्च कोटि के संत और नेतृत्वकर्ता हैं श्रीमहंत रविंद्र पुरी: श्रीमहंत नारायण गिरी

श्रीमहंत रविन्द्र पुरी निरंजनी अखाड़े के पुन: बनाए गए सचिव, संतों ने दी बधाई

महाकुम्भ नगर,19 फरवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज उच्च कोटि के संत और नेतृत्वकर्ता हैं। उन्हें पुन: निरंजनी अखाड़े का सचिव बनने से अखाड़े और सनातन धर्म संस्कृति की परम्पराओं को गति मिलेगी। यह बात बुधवार को श्री महंत रविंद्रपुरी को बधाई देते हुए जूना अखाड़े के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरी महाराज ने कही।

दास धर्म पंथ के अध्यक्ष संत त्रिलोचन दास महाराज ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने अखाड़ों की व्यवस्थाओं को जिस प्रकार संभाला है, वह सराहनीय है। श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के मुखिया महंत दुर्गादास महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज एवं महंत राघवेंद्र दास महाराज ने कहा कि श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के पुनः निरंजनी अखाड़े का सचिव बनने से संत परंपराएं और मजबूत होंगी।

महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश महाराज, महंत गोविंददास, स्वामी अनंतानंद गिरी, महामंलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, स्वामी चिदविलासानंद, स्वामी ऋषि रामकृष्ण, महंत जयेंद्र मुनि व महंत प्रेमदास महाराज ने भी श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज को शुभकामनाएं दी और कहा कि अखाड़ों के बीच एकता और समन्वय स्थापित करने में उनकी हमेशा अहम भूमिका रही है। श्रीमहंत रविंद्रपुरी के अलावा पुनःनिरंजनी अखाड़े के सचिव चुने गए श्रीमहंत रामरतन गिरी, श्रीमहंत राजगिरी, श्रीमहंत नीलकंठ गिरी, श्रीमहंत रामसेवक गिरी, श्रीमहंत दिनेश गिरी को भी संतों ने बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।