नहाय-खाय के साथ आज से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व
प्रयागराज में छठ पर्व की तैयारियां जोरों पर, संगम घाट और गंगा-यमुना के घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की आस्था
प्रयागराज। आस्था और श्रद्धा का महापर्व छठ आज शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर संगमनगरी में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। घरों में साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, वहीं संगम क्षेत्र, बलुआ घाट और गंगा-यमुना के विभिन्न घाटों पर भी छठ पूजा की तैयारियां की जा रही हैं।
छठ महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ व्रत की शुरुआत होगी। शनिवार को व्रती महिलाएं खरना की पूजा करेंगी। इसके बाद रविवार की शाम श्रद्धालु गंगा और यमुना के घाटों पर पहुंचकर जल में खड़े होकर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगे। सोमवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन और व्रत का पारण किया जाएगा।
छठ व्रतियों के अनुसार, चार दिनों तक घरों में उत्सव और हर्ष का माहौल रहता है। महिलाएं मंगल गीत गाकर छठ मैय्या से परिवार की सुख-समृद्धि, पति और पुत्रों की दीर्घायु तथा धन-धान्य से परिपूर्ण जीवन की कामना करती हैं।
व्रती महिलाओं का कहना है कि जिस तरह होली और दीपावली के दौरान घरों में उत्सव का माहौल रहता है, उसी तरह छठ महापर्व पर भी पूरा परिवार श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा की तैयारियों में जुट जाता है। घरों में विभिन्न प्रकार के पारंपरिक पकवान और प्रसाद तैयार किए जाते हैं तथा विधि-विधान से छठ मैय्या और सूर्य देव की पूजा-अर्चना की जाती है।
इस पर्व में साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। व्रती महिलाएं नहाय-खाय के साथ व्रत की शुरुआत करती हैं और करीब 72 घंटे तक कठिन नियमों का पालन करती हैं।
संगम घाट और गंगा-यमुना के घाटों पर होगी विशेष पूजा
संगमनगरी प्रयागराज में छठ महापर्व का विशेष महत्व है। संगम घाट, बलुआ घाट समेत गंगा और यमुना के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा के लिए पहुंचते हैं।
पहले दो दिन नहाय-खाय और खरना की पूजा घरों में की जाती है, जबकि अगले दो दिन श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं।
रविवार की शाम व्रती महिलाएं और श्रद्धालु मंगल गीत गाते हुए डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद सोमवार की सुबह गंगा और यमुना के घाटों पर पहुंचकर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और इसी के साथ चार दिवसीय छठ व्रत का पारण होगा।
छठ महापर्व को लेकर प्रयागराज के प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पानी और सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालु सुगमता से पूजा-अर्चना कर सकें।
आस्था के इस महापर्व पर संगम नगरी में एक बार फिर छठ मैय्या के गीतों और सूर्य उपासना की भक्ति की गूंज सुनाई देगी।