ममता बनर्जी को सपा का पूरा समर्थन, बंगाल में बीजेपी की कोशिशें फिर हाेंगी नाकाम : आमिक जामोई

ममता बनर्जी को सपा का पूरा समर्थन, बंगाल में बीजेपी की कोशिशें फिर हाेंगी नाकाम : आमिक जामोई

ममता बनर्जी को सपा का पूरा समर्थन, बंगाल में बीजेपी की कोशिशें फिर हाेंगी नाकाम : आमिक जामोई

जौनपुर, 20 मार्च । समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आमिक जामोई शुक्रवार को जौनपुर पहुंचे और पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार को गिराने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं, लेकिन वहां की जनता उनके मंसूबों को सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी को पूरा समर्थन दिया है और आने वाले चुनाव में एक बड़ा गठबंधन बनाकर बीजेपी को हराया जाएगा। जामोई ने दावा किया कि बंगाल की जनता शांतिप्रिय है और अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करती है, इसलिए वह बीजेपी के बहकावे में नहीं आएगी।

सपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि बंगाल में दंगे और फसाद बीजेपी के आने के बाद बढ़े हैं और इसमें केंद्रीय बलों की भी भूमिका संदिग्ध रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य राज्यों से लोगों को भेजकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश में महंगाई और गैस संकट गहराता जा रहा है। एलपीजी सिलेंडर की किल्लत से आम जनता परेशान है और कालाबाजारी चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों पर 3 से 5 हजार रुपये तक में सिलेंडर बेचे जा रहे हैं।अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बोलते हुए जामोई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी विदेश नीति पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने ईरान और रूस के साथ संबंधों को लेकर सरकार की नीतियों की आलोचना की और कहा कि इसका सीधा असर देश की ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है।उन्होंने दावा किया कि बंगाल में सपा और इंडिया गठबंधन के समर्थन से ममता बनर्जी एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं और बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।