होली से पूर्व सपा का हो रहा पीडीए मिलन : अखिलेश यादव

होली से पूर्व सपा का हो रहा पीडीए मिलन : अखिलेश यादव

होली से पूर्व सपा का हो रहा पीडीए मिलन : अखिलेश यादव

लखनऊ, 15 फरवरी। उत्तर प्रदेश की राजनीति में महाशिवरात्रि का दिन समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए खास रहा। रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी में बसपा सरकार में कद्दावर मंत्री रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने 2027 विधानसभा चुनाव से पूर्व सपा की साइकिल पर सवार हो गए। इसके अलावा कई नेतागण ने सपा का दामन थामते हुए सपा की जीत की हुंकार भरी।

इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री अनीस अहमद, राजकुमार पाल, दीनानाथ कुशवाहा, दानिश खान और रंजना पाल सभी साथियों का समाजवादी पार्टी में स्वागत करता हूं और हम सब मिलकर इस लड़ाई को मजबूत बनाने का काम करेंगे। आज इनके आने से पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का प्रेम प्रसार समारोह है। इस बार होली मिलन से पहले हम सब लोगों का पीडीए होली मिलन हो रहा है। यह ज्वाइनिंग पीडीए की जीत को और बड़ा करेगी।

अखिलेश ने कहा कि डेमोक्रेसी ऑफ द पीपल, बाय द पीपल, फॉर द पीपल, यही हमारा पीडीए है। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य को अपमानित करने का काम किया गया है। हम लोग उनके साथ है। मैंने पहेली में कहा था कि जब मुंह खोला तब बुरा बोला। सोचो लीडर ऑफ अपोजिशन माता प्रसाद पांडेय के बारे में क्या कह रहे थे ये।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि बहुजन समाज के लोग न केवल भारत में है बल्कि दुनिया के हर हिस्से में है। दुनिया में जगह-जगह बैठे लोग अब समाजवादी पार्टी और पीडीए की तरफ देख रहे हैं। पंचायत चुनाव लेट इसलिए हो रहा है क्योंकि बड़े पैमाने पर ये लोग वोटर लिस्ट में घोटाला कर रहे हैं, फॉर्म 7 में भी पकड़े गए। समाजवादी पार्टी का बिल्कुल क्लियर मानना है कि जातीय जनगणना हो और आबादी के हिसाब से हक और सम्मान मिले।

समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मेरे पुराने रिश्ते हैं। हम उनके बताए रास्ते पर चलेंगे। देश में पहली बार बेरोज़गारी भत्ता, लैपटॉप किसी ने दिया तो समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की सरकार ने दिया। मेरे शामिल होने से पहले पार्टी में और भी कई सीनियर नेता हैं। हमें उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी को मजबूत करना है। पार्टी मजबूत होगी तो हम मजबूत होंगे। हम मजबूत होंगे तो प्रदेश मजबूत होगा। प्रदेश मजबूत होगा तो समाज मजबूत होगा।

वहीं पार्टी में शामिल होने पर अनीस अहमद ने कहा कि हमारे अखिलेश यादव जी की सोच है कि आज उन्होंने हर व्यक्ति को गले लगाने का काम किया।

दीनानाथ कुशवाहा ने कहा कि मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को प्रणाम करता हूँ, आप कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए अपने मिशन में निरंतर आगे बढ़ते रहे।

राजकुमार पाल ने कहा कि जिस तरह से समाजवादी पार्टी ने महारानी अहिल्या बाई होलकर की लड़ाई को लेकर संघर्ष दिखाया है, हमारा समाज 2027 में उसकी भरपाई करेगा, यह विश्वास दिलाना चाहता हूं। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, राजेंद्र चौधरी आदि उपस्थित रहे।