महाकुंभ को सकुशल संपन्न कराने को रोडवेज बनाएगा आठ अस्थाई बस स्टेशन
महाकुंभ को सकुशल संपन्न कराने को रोडवेज बनाएगा आठ अस्थाई बस स्टेशन

प्रयागराज, 10 दिसंबर। महाकुंभ मेला 2025 को सकुशल संपन्न कराने के लिए रोडवेज विभाग आठ अस्थाई बस स्टेशन बनाएगा। यह जानकारी मंगलवार को अपर मेलाधिकारी महाकुम्भ विवेक चतुर्वेदी ने दी।
उन्होंने बताया कि महाकुम्भ को सकुशल संपन्न कराने के लिए रोडवेज विभाग श्रद्धालुओं को सुगम एवं सरल आवागमन के लिए भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 8 अस्थाई बस स्टेशन बनाएगा। उसके लिए स्थान निर्धारित कर दिया गया है। पहले चरण के दौरान 12 जनवरी से 13 जनवरी, दूसरा चरण 24 फरवरी से 7 फरवरी और तीसरे एवं अंतिम चरण 8 फरवरी से 27 फरवरी तक की योजना तैयार कर ली गई है। मेले में आने वाली संभावित भीड़ के मद्देनजर पहले व तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश रोडवेज के 10 रीज़न की बसों से आवागमन होगा। दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की सभी 19 रीज़न की बसों से आवागमन होगा। महाकुंभ को सकुशल संपन्न कराने के लिए झूंसी में अस्थाई बस स्टेशन बनेगा जो दोहरीघाट, बड़हलगंज गोला,सजनी, सीकरीगंज, गोरखपुर, आजमगढ़,मऊ, बलिया तथा अन्य संबद्ध मार्ग के यात्रियों का आवागमन किया जाएगा। इसी तरह दुर्जनपुर बस स्टेशन, सरस्वती गेट बस स्टेशन से बदलापुर,लंबा, पदमपुर, कमरिया, वाराणसी समेत अन्य सम्बंधित मार्ग पर जाने वाले यात्रियों का आवागमन किया जाएगा। नेहरू पार्क बस स्टेशन से कानपुर, कौशांबी एवं अन्य सम्बंधित मार्ग के यात्रियों का आवागमन होगा। हालांकि भीड़ बढ़ने की स्थिति में बेली कछार अस्थाई बस स्टेशन से यात्रियों का आवागमन होगा। बेला कछार अस्थाई बस स्टेशन से रायबरेली, लखनऊ, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, बहराइच एवं अन्य सम्बंधित मार्ग के यात्रियों का आवागमन किया जाएगा। इसी तरह सरस्वती हाईटेक सिटी अस्थाई बस स्टेशन से विंध्याचल, मिर्ज़ापुर, शक्ति नगर एवं अन्य सम्बंधित मार्ग के यात्रियों का आवागमन किया जाएगा। लेप्रोसी मिशन चौराहा अस्थाई बस स्टेशन से बांदा, चित्रकूट,रींवा, सीधी, समेत अन्य सम्बंधित मार्ग से आने जाने वाले यात्रियों का आवागमन किया जाएगा।