जय श्रीराम के नारों से गूंजी रामनगरी, पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ा भक्तों का सैलाब

जय श्रीराम के नारों से गूंजी रामनगरी, पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ा भक्तों का सैलाब

जय श्रीराम के नारों से गूंजी रामनगरी, पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ा भक्तों का सैलाब

अयोध्या, 01 नवंबर । देवोत्थानी एकादशी के पावन अवसर पर शनिवार तड़के 4 बजकर 2 मिनट पर अयोध्या धाम में पंचकोसी परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। शुभ मुहूर्त में लाखों श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के गगनभेदी नारों के साथ परिक्रमा शुरू की। लगभग 15 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। परिक्रमा भोर 2 बजकर 57 मिनट तक चलेगी। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। पूरे नगर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। जगह-जगह भजन-कीर्तन, राम नाम संकीर्तन और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम हो रहे हैं। पूरा अयोध्या धाम जय श्रीराम के उद्घोषों से गूंज उठा है।

प्रशासन ने की पुख्ता व्यवस्था

कमिश्नर राजेश कुमार, आईजी प्रवीण कुमार, डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने ड्रोन से निगरानी, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, प्रकाश और साफ-सफाई की सुदृढ़ व्यवस्था की है। सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती के साथ ट्रैफिक नियंत्रण के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

बारिश बनी चुनौती, फिर भी नहीं डिगी आस्था

मोंथा चक्रवात के असर से बीते दो दिनों से अयोध्या में बारिश हो रही है। 14 कोसी परिक्रमा के दौरान भी बारिश में लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं ने परिक्रमा की थी। पंचकोसी परिक्रमा में भी भक्तों का वही उत्साह देखने को मिल रहा है। बारिश से बिगड़ी स्थितियों को प्रशासन ने रातों-रात दुरुस्त किया। घाटों पर फिसलन के कारण सरपत डालकर रास्तों को मजबूत किया गया। आसिफ बाग रेलवे क्रॉसिंग को सीमेंटेड कर श्रद्धालुओं के लिए मार्ग सुगम बनाया गया। श्रद्धालुओं और पुरोहित समाज ने प्रशासन की तत्परता के लिए आभार जताया।

सेवा और सुरक्षा के उदाहरण भी बने

परिक्रमा के दौरान दशरथ कुंड के पास एक वृद्ध श्रद्धालु नवमी लाल (60) निवासी ऐरा खमरिया, लखीमपुर खीरी को अचानक चक्कर आने से गिर पड़े। ड्यूटी पर तैनात कुमारगंज थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल एम्बुलेंस बुलवाई और वृद्ध को श्रीराम अस्पताल पहुंचाया गया। समय रहते इलाज मिलने से उनकी जान बच गई। परिजनों ने पुलिस की सराहना की।

मोक्षदायिनी परिक्रमा

धार्मिक मान्यता के अनुसार पंचकोसी परिक्रमा मोक्षदायिनी मानी जाती है। कहा जाता है कि इसके दर्शन और भ्रमण मात्र से जीवन पवित्र होता है और पापों का नाश होता है। चौदह कोसी परिक्रमा की सफलता के बाद पंचकोसी परिक्रमा ने रामनगरी को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया है।