प्रयागराज: चोरी के मामले में पुलिस दबिश से परेशान युवक ने फांसी लगाई, शव फंदे पर लटका मिला
प्रयागराज: चोरी के मामले में पुलिस दबिश से परेशान युवक ने फांसी लगाई, शव फंदे पर लटका मिला
प्रयागराज, 22 जून । प्रयागराज के करछना थाना क्षेत्र के कैथी गांव में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक युवक का शव उसके घर के अंदर छत के पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर तत्काल स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
घटना के बाद रविवार को मृतक के परिवार वालों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवक ने पुलिस की लगातार दबिश और पूछताछ से परेशान होकर यह आत्मघाती कदम उठाया है।
पुलिस उपायुक्त (यमुनानगर) विवेक चन्द्र यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि करछना थाना क्षेत्र के कैथी गांव निवासी सूरज (30) पुत्र भैरोलाल के घर वालों ने शनिवार रात पुलिस को सूचना दी थी कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही करछना थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके पर पाया कि सूरज का शव कमरे के अंदर फंदे से झूल रहा था। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और प्रारंभिक जांच के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार वालों का आरोप है कि पड़ोस में हुई एक चोरी की घटना के संबंध में शिकायत मिलने के बाद पुलिस सूरज से पूछताछ करने के लिए उसके घर पर लगातार दबिश दे रही थी। परिवार के सदस्यों का कहना है कि पुलिस की इस उत्पीड़न जैसी कार्रवाई से सूरज मानसिक रूप से बहुत परेशान हो गया था और इसी तनाव में उसने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
इस संबंध में पुलिस उपायुक्त विवेक चन्द्र यादव का कहना है कि पुलिस पड़ोस के चोरी के मामले में पूछताछ के लिए युवक के घर गई थी, लेकिन परिवार द्वारा लगाए गए पुलिस की दबिश से आत्महत्या करने के आरोपों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिवार के आरोपों और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।