प्रयागराज में धीरेन्द्र शास्त्री की हनुमंत कथा को लेकर पुलिस ने की तैयारी

प्रयागराज में धीरेन्द्र शास्त्री की हनुमंत कथा को लेकर पुलिस ने की तैयारी

प्रयागराज में धीरेन्द्र शास्त्री की हनुमंत कथा को लेकर पुलिस ने की तैयारी

प्रयागराज, 20 अप्रैल । बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर धीरेन्द्र शास्त्री उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में चार दिवसीय हनुमंत कथा सुनाएंगे। प्रयागराज पुलिस ने हनुमंत कथा कार्यक्रम के दृष्टिगत शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने एवं सुचारु आवागमन बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रवेश (एंट्री) रात 10 बजे से प्रारंभ होकर रात 12 बजे तक खुली रहेगी। विभिन्न दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। मीराजपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहन सरस्वती हाईटेक सिटी पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। रीवा, मीरजापुर एवं शहर से आने वाले बड़े वाहन नवप्रयागम के पूर्वी एवं पश्चिमी भाग में पार्क होंगे। वीआईपी वाहनों के लिए डीपीएस तिराहे से विशेष मार्ग निर्धारित किया गया है जिनका प्रवेश सरस्वती हाईटेक सिटी से कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चार पहिया वाहनों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। मीरजापुर से आने वाले वाहन ओमैक्स व डीपीएस में पार्क किए जाएंगे। शहर से आने वाले वाहन नवप्रयागम क्षेत्र में खड़े किए जाएंगे। अरैल कछार से आने वाले वाहनों के लिए गजिया पार्किंग तथा दोपहिया वाहनों के लिए देवखर पार्किंग निर्धारित की गई है। इसके अलावा शहर के कई प्रमुख चौराहों—बघाड़ा क्रॉसिंग (हटिया), सहसो चौराहा, मलाक हरहर चौराहा, फाफामऊ पार्क तिराहा, पुरामुफ्ती थाना गेट, ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा, कटहुला मोड़, गोहिनिया, इरादतनगर एवं रामपुर तिराहे से बड़े मालवाहक वाहनों का प्रवेश निर्धारित समय से पहले ही प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। अनावश्यक रूप से सड़क पर वाहन न रोकें और यातायात नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही गर्मी को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की भी सलाह दी गई है।