प्रधानमंत्री ने टोक्यो पैरालिंपिक में रजत पदक जीतने पर नोएडा के डीएम सुहास यतिराज को दी बधाई
प्रधानमंत्री ने टोक्यो पैरालिंपिक में रजत पदक जीतने पर नोएडा के डीएम सुहास यतिराज को दी बधाई

नई दिल्ली, 05 सितम्बर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टोक्यो पैरालिंपिक की बैडमिंटन स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी व नोएडा के जिलाधिकारी सुहास यतिराज को बधाई देते हुए इसे सेवा और खेल का अद्भुत संगम करार दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, "सेवा और खेल का अद्भुत संगम। सुहास यतिराज ने अपने असाधारण खेल प्रदर्शन की बदौलत हमारे पूरे देश को खुश कर दिया है। बैडमिंटन में रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई। उन्हें उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।"
गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) के 38 वर्षीय जिलाधिकारी (डीएम) सुहास पैरालिंपिक में पदक जीतने वाले पहले आईएएस अधिकारी बन गए हैं। सुहास को एसएल4 क्लास फाइनल में फ्रांस के लुकास माजूर से हार का सामना करना पड़ा। माजूर ने सुहास को 15-21, 21-17, 21-15 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। टोक्यो पैरालंपिक में भारत की पदकों की संख्या 18 हो गई है।भारत ने अब तक 4 स्वर्ण, 8 रजत और छह कांस्य पदक जीते हैं।