यमुना नदी के बाढ़ में फंसे 35 लोगों को रेसक्यू कर नोएडा पुलिस ने बचाई जान
यमुना नदी के बाढ़ में फंसे 35 लोगों को रेसक्यू कर नोएडा पुलिस ने बचाई जान
गौतमबुद्धनगर, 4 सितंबर । जनपद गौतमबुद्ध नगर में यमुना नदी में आई बाढ़ के चलते आज 35 लोग बाढ़ के पानी में फंस गए थे। उन्हें नोएडा पुलिस और एनडीआरएफ ने संयुक्त प्रयास से पानी के अंदर से बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि गुरुवार को बाढ़ नियंत्रण केंद्र को सूचना मिली कि थाना नॉलेज पार्क और थाना दनकौर क्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्र में कुछ लोग यमुना नदी के बाढ़ के पानी मे फंस गए हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एनडीआरएफ की टीम मौके पर बुलाई गई। उन्होंने बताया कि थाना दनकौर और नॉलेज पार्क पुलिस तथा एनडीआरएफ की टीम ने संयुक्त प्रयास करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद बाढ़ ग्रस्त इलाकों में फंसे 35 लोगों को रेसक्यू करके सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस लगातार बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र के लोगों को चेतावनी दे रहा है कि वे अपने जरूरी सामान, पशुधन आदि लेकर सुरक्षित स्थान पर आ जाएं। उन्होंने बताया कि पुलिस के अधिकारी यमुना नदी के आसपास के क्षेत्र में लगातार दौरा कर रहे हैं। स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने लोगों से अपील किया कि वे यमुना नदी के डूब क्षेत्र अथवा उसके आसपास के इलाकों में अनावश्यक रूप से ना जाएं। प्रशासन द्वारा जारी की गई चेतावनियों और निर्देशों का अनुपालन करें।