कुरुक्षेत्र में राष्ट्रीय एकीकरण शिविर शुरू ,आरएसएस के स्वयंसेवक कर रहे सहभागिता

कुलपति ने चयनित स्वयंसेवकों को दी शुभकामनाएं

कुरुक्षेत्र में राष्ट्रीय एकीकरण शिविर शुरू ,आरएसएस के स्वयंसेवक कर रहे सहभागिता

झांसी, 11 नवंबर । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय एकीकरण शिविर–2025 इस वर्ष 11 नवम्बर से 17 नवम्बर 2025 तक कुरुक्षेत्र, हरियाणा में आयोजित किया जा रहा है। इस सात दिवसीय राष्ट्रीय शिविर का उद्देश्य देशभर के युवा स्वयंसेवकों को एक मंच पर लाकर राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करना है। यह शिविर राष्ट्रीय सेवा योजना की उन प्रमुख गतिविधियों में से है जो युवाओं को देश–जागरण और सामाजिक समरसता की वास्तविक अनुभूति कराता है।

बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झाँसी के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ, उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के अंतर्गत अध्ययनरत छह स्वयंसेवक दीपिका राजपूत, निशा, प्रिया यादव, पीयूष, अनूप और परमेंद्र इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिविर में सहभागिता हेतु चयनित हुए हैं। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झाँसी का यह चयन विश्वविद्यालय की राष्ट्र स्तरीय सहभागिता और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता है। विश्वविद्यालय को विश्वास है कि चयनित स्वयंसेवक इस शिविर से नई ऊर्जा, नई दृष्टि और सशक्त अनुभव लेकर लौटेंगे तथा भविष्य में समाज एवं राष्ट्रहित में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने चयनित स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विश्वविद्यालय के युवा वर्ग में सेवा–भाव, स्वानुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करती है। हमारे स्वयंसेवकों का इस राष्ट्रीय शिविर के लिए चयन न केवल विश्वविद्यालय के गौरव में वृद्धि करता है, बल्कि यह प्रमाणित करता है कि हमारे छात्र राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए सक्षम हैं।

कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि राष्ट्रीय एकीकरण शिविर युवाओं में एकता, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों को व्यापक अनुभव प्रदान करते हैं, जिससे उनका व्यक्तित्व बहुआयामी बनता है। आशा है कि हमारे स्वयंसेवक अनुशासन, निष्ठा और सक्रियता के साथ विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाएंगे।

वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्वेता पाण्डेय ने बताया कि NSS का मूल उद्देश्य युवा शक्ति को राष्ट्रसेवा के माध्यम से जागरूक और सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि इन स्वयंसेवकों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय प्रतिभागिताअनुशासन और सेवा–भाव के आधार पर यह उपलब्धि अर्जित की है। इस शिविर में दल-नायक के रूप में कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय एकीकरण शिविर–2025 में दल-नायक के रूप में दायित्व प्राप्त होना मेरे लिए गर्व का क्षण है।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्र–निर्माण से सम्बद्ध गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। शिविर में समूह चर्चा, सांस्कृतिक विनिमय, नेतृत्व विकास कार्यक्रम, राष्ट्रभक्ति आधारित प्रस्तुतियां, सामुदायिक सेवा एवं संवाद सत्र प्रमुख रूप से आयोजित किए जाते हैं। यह शिविर युवाओं को विविध भारत को समझने तथा एक राष्ट्र के रूप में अपने दायित्वों के प्रति संवेदनशील बनने का अनूठा अवसर प्रदान करता है।

इस अवसर पर प्रो. एस पी सिंह, प्रो. आरके सैनी, डॉ. कपिल शर्मा, डॉ. प्रीति निगम, विनय वाष्णेय व अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।