लखनऊ में नंद महोत्सव और गिरिराज पूजा का उल्लास, भक्त झूमे, छप्पन भोग अर्पित
लखनऊ में नंद महोत्सव और गिरिराज पूजा का उल्लास, भक्त झूमे, छप्पन भोग अर्पित
लखनऊ, 02 दिसम्बर । विश्वनाथ मंदिर के 34वें स्थापना दिवस के अवसर पर श्रीरामलीला पार्क, सेक्टर-‘ए’, सीतापुर रोड योजना कॉलोनी में मंगलवार को नंद महोत्सव मनाया गया। भजनों की मधुर धुनों पर भक्तों ने जमकर झूमकर भगवान कृष्ण के बाल रूप का आनंद लिया। इस अवसर पर गिरिराज पूजन कर छप्पन भोग अर्पित किया गया।
कथाव्यास आचार्य पं. गोविंद मिश्रा ने नंद महोत्सव और गिरिराज पूजा के प्रसंग सुनाकर भक्तों को भावविभोर किया। उन्होंने कहा कि नंदोत्सव और गिरिराज पूजा केवल आनंद का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश भी देती हैं। बालरूप श्रीकृष्ण की झांकी ने उपस्थित लोगों में उत्साह और ऊर्जा भर दी।
आचार्य पं. गोविंद मिश्रा ने गिरिराज पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह हमें प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण के महत्व की याद दिलाती है। उन्होंने कहा, “प्रकृति के बिना जीवन असंभव है और हमें इसकी रक्षा करनी चाहिए।”
इस अवसर पर ढोल-नगाड़ों और पारम्परिक गीतों के बीच भक्त झूमते रहे और आयोजन धार्मिक और सामाजिक उत्सव के रूप में सफल रहा।