मतदाता सूची में जुड़ना चाहिए हर पात्र युवा का नाम : सांसद

मतदाता सूची में जुड़ना चाहिए हर पात्र युवा का नाम : सांसद

मतदाता सूची में जुड़ना चाहिए हर पात्र युवा का नाम : सांसद

कानपुर, 14 फरवरी। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदाता बनना अत्यंत आवश्यक है। हर पात्र युवा का नाम मतदाता सूची में जुड़ना चाहिए। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता यह सुनिश्चित कर रहा है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। लोकतंत्र में भागीदारी ही सशक्त भारत की नींव है। यह बातें शनिवार को कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने कही।

गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत नव मतदाताओं को जोड़ने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर कुंडी खटखटाई और 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।

इसी क्रम में सांसद रमेश अवस्थी ने किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र के जूही मंडल एवं किदवई नगर मंडल में प्रवास कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए हेल्प डेस्क पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिक से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सांसद रमेश अवस्थी जूही मंडल की हेल्प डेस्क पर पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद कर अभियान की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इसके पश्चात किदवई नगर मंडल के वार्ड 39, ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में घर-घर जाकर युवाओं से संपर्क किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं कुंडी खटखटाकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को लोकतंत्र के महापर्व में सहभागी बनने का आह्वान किया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने मतदाता पंजीकरण कराया।

इस अवसर पर भाजपा कानपुर दक्षिण जिला प्रवासी अनूप अवस्थी, गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के विधानसभा संयोजक (बीएलए-1) पंकज द्विवेदी, दीपू पासवान, दीपांकर मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि यदि उनके परिवार या आसपास कोई 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका है, तो वह तत्काल अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराए और लोकतंत्र के इस पावन दायित्व का निर्वहन करे।

इस दौरान दिव्यांशु बाजपेई, शिवानी वर्मा, डॉली वर्मा, सुनीता कुमारी, रमा द्विवेदी, मनीष गंगवानी, रिंकू पाण्डे, जयशील, जितेंद्र सिंह सहित शक्तिकेंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे ।