मां विंध्यवासिनी विवि. में स्नातक में बहुविकल्पीय परीक्षा,परास्नातक व व्यावसायिक कोर्स में लिखित परीक्षा
मां विंध्यवासिनी विवि. में स्नातक में बहुविकल्पीय परीक्षा,परास्नातक व व्यावसायिक कोर्स में लिखित परीक्षा
मीरजापुर, 22 नवंबर । मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के अस्थायी कार्यालय उमरिया, मोहनपुर स्थित कुलपति कक्ष में परीक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि सीमित संसाधनों के बावजूद पढ़ाई और परीक्षा समय से चल सके और परिणाम भी समय पर आएं, इसके लिए नई परीक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी।
निर्णय के अनुसार स्नातक के सभी कोर्सों की परीक्षाएं अब ओएमआर शीट पर बहुविकल्पीय प्रश्नों के आधार पर होंगी। जबकि एलएलबी (तीन वर्ष व पांच वर्ष), बीएड, बीए-बीएड, बीएससी-बीएड, बीपीएड और बीएससी कृषि की परीक्षाएं पहले की तरह लिखित/वर्णात्मक होंगी। इसी तरह परास्नातक प्रथम सत्र की परीक्षाएं भी लिखित रूप में ही आयोजित की जाएंगी।
कुलपति प्रोफेसर शोभा गौड़ ने शनिवार काे कहा कि विश्वविद्यालय कम संसाधनों में भी बेहतर, पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली देने के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि हर छात्र का मूल्यांकन सुरक्षित, ईमानदार और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।