मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपित गिरफ्तार

मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपित गिरफ्तार

मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपित गिरफ्तार

हमीरपुर, 14 मार्च । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर सदर कोतवाली पुलिस ने अपराध रोकथाम अभियान के तहत शनिवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जलालपुर क्षेत्र का एक युवक और नगर का एक कबाड़ी शामिल है।

प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार पटेल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ शंकरी पीपल से बेतवा नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान जलालपुर के धौहल निवासी तौहीद खान पुत्र रहमुद्दीन खान और सदर कोतवाली क्षेत्र के अस्पताल रोड स्थित कबाड़ की दुकान के मालिक कुक्कू कबाड़ी उर्फ रफीक पुत्र जमशीद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया है।