सूक्ष्मजीव हमारे सबसे अच्छे मित्र : डॉ रवी टंडन
-प्रोफेसर मुकेशपति मेमोरियल व्याख्यान का आयोजन

प्रयागराज, 22 फरवरी (हि.स.)। इविंग क्रिश्चियन महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग में जैव प्रौद्योगिकी केंद्र तथा सूक्ष्म जीव विज्ञान केंद्र द्वारा प्रोफेसर मुकेशपति मेमोरियल व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. रवी टंडन ने कहा “सूक्ष्मजीव : इस ग्रह पर हमारे सबसे अच्छे मित्र“ हैं।
शनिवार को जैव प्रौद्योगिकी विद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के सहायक प्राध्यापक डॉ. रवी टंडन ने सूक्ष्म जीवों के हमारे जीवन पर प्रभाव के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि हमारे आस-पास और शरीर, विशेष रूप से आंत में उपलब्ध अच्छे और बुरे सूक्ष्मजीव हमारे स्वास्थ्य पर किस प्रकार प्रभाव डालते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ये जीव प्रतिरक्षा तंत्र और सम्पूर्ण जीवन शैली को कैसे प्रभावित करते हैं। उन्होंने एच.आई.वी से प्रभावित लोगों में प्रोबायोटिक जीवाणुओं की भूमिका को उजागर किया। उन्होंने यह भी बताया कि इस क्षेत्र में दुनिया भर में कौन-कौन सी नई शोध हो रही हैं।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य प्रोफेसर ए.एस. मोसेस, प्रोफेसर जस्टिन मसिह, विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर संजय कुमार मिश्रा, डॉ. ए.के. तिवारी, डॉ. अशोक कुमार पाठक, वनस्पति विज्ञान, सूक्ष्म जीवविज्ञान और जैव प्रौद्योगिकी के समस्त अध्यापकगण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।