वाराणसी के मास्टर आदित्य ने विद्यालय एवं परिवार का बढ़ाया गौरव
यूनिफाइड इंटरनेशनल साइबर ओलंपियाड में राष्ट्रीय स्तर पर 280वां स्थान पाया
, 24 नवंबर । उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के मालवीय शिशु विहार के कक्षा तीन के प्रतिभाशाली छात्र मास्टर आदित्य कुमार सोनी ने बड़ी उपलब्धि पाई है। आदित्य सोनी ने यूनिफाइड इंटरनेशनल साइबर ओलंपियाड (10 सितंबर) में राष्ट्रीय स्तर पर 280वां स्थान और उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में 7वां स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर मास्टर आदित्य कुमार सोनी को 3996 रूपये मूल्य का पैकेज, प्रशंसा-पत्र तथा स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। बीएचयू के सहायक कुलसचिव राज कुमार सोनी के पुत्र आदित्य की इस उपलब्धि से परिवार और विद्यालय में हर्ष व्याप्त है। आदित्य इस समय नेशनल लेवल साइंस टैलेंट सर्च परीक्षा, जो 05 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित है, की तैयारी उत्साहपूर्वक कर रहे हैं। पिता राज कुमार सोनी ने स्वयं बेटे को पढ़ाया है। राजकुमार सोनी ने बताया कि आदित्य न केवल पढ़ाई में उत्कृष्ट हैं, बल्कि कंप्यूटर कौशल तथा प्रेरणादायक सामग्री से जीवन उपयोगी सीख भी प्राप्त करते हैं। उनका मानना है कि उचित मार्गदर्शन, सहयोग और सदैव प्रोत्साहन के साथ आदित्य को और अधिक निखारा जा सकता है। आदित्य शुरुआत से ही अध्ययन में अद्भुत प्रतिभा, ईमानदारी और निरंतरता का परिचय देते आए हैं। आदित्य की सफलता पर विद्यालय परिवार ने भी खुशी जताई है। बताया गया कि शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ आदित्य खेलों के भी शौकीन हैं और भविष्य में एक क्रिकेटर बनने का सपना देखते हैं। आदित्य जैसे बच्चे न केवल अपने परिवार का सम्मान बढ़ाते हैं, बल्कि अपनी लगन, अनुशासन और उपलब्धियों से अपने साथियों के लिए प्रेरणास्रोत भी बनते हैं।