महाशिवरात्रि : शिव बारात निकलने के पूर्व वाराणसी के उबड़-खाबड़ मार्ग काे ठीक करें - महापौर
— सड़कों पर मलबा छोड़ा तो खैर नहीं, सुपरवाइजर को कड़ी चेतावनी
वाराणसी, 12 फरवरी । महाशिवरात्रि के पूर्व धर्मनगरी काशी में शिवबारात निकलने की परम्परा को देख महापौर अशोक तिवारी शिव बारात मार्गों को दुरूस्त करने का निर्देश नगर निगम के अफसरों को दिया है। उन्होंने शिवबारात मार्ग लालकुटी व्यायामशाला से लालकुटी महादेव और तिलभांडेश्वर महादेव मार्ग का जायजा लेने के बाद दो टूक शब्दों में अल्टीमेटम दिया कि बारात मार्ग की सभी खामियां दूर की जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
शिव बारात के मार्ग पर जगह-जगह गंदगी और सीवर का मलबा देख नाराजगी जताते हुए महापौर ने कहा कि सीवर साफ करके मलबा सड़क पर ही छोड़ देना लापरवाही की पराकाष्ठा है। गौरी केदारेश्वर मार्ग पर गंदगी मिलने पर उन्होंने क्षेत्रीय सुपरवाइजर को तत्काल चेतावनी जारी करने का निर्देश दिया। महापौर ने जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिव बारात के दौरान एक भी सीवर मैनहोल ओवरफ्लो नहीं होना चाहिए। मुख्य अभियंता आरके सिंह को निर्देशित किया कि जहां भी मार्ग उबड़-खाबड़ हैं या पैचवर्क की जरूरत है, उसे रातों-रात ठीक कराएं। वहीं, प्रकाश विभाग को निर्देशित किया कि बारात वाले रूट की एक भी स्ट्रीट लाइट बंद नहीं मिलनी चाहिए।
महापौर रेवड़ी तालाब होते हुए गौरी केदारेश्वर महादेव तक पैदल गए और बारीकी से व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने कहा कि शिव बारात में लाखों की भीड़ उमड़ती है, ऐसे में अंधेरा या टूटी सड़कें दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। इस दौरान उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद विजय द्विवेदी, रामगोपाल वर्मा, चंद्रनाथ मुखर्जी और शिव बारात के संयोजक अजय वर्मा आदि भी मौजूद रहे।