प्रयागराज में आकाशीय बिजली का कहर: एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

प्रयागराज में आकाशीय बिजली का कहर: एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

प्रयागराज में आकाशीय बिजली का कहर: एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

प्रयागराज, 14 जुलाई । प्रयागराज में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। करछना थाना क्षेत्र के बोधा का पुरा गांव के समीप बकरी के लिए पत्ती तोड़ने गए दो युवकों पर बिजली गिरी, जिसमें 19 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि 22 वर्षीय दूसरा युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना करछना थाना क्षेत्र के गौसाई का पुरा गांव में निवासी अप्सार अली (22 वर्ष) पुत्र अंसार अली और अंकित कोटार्य (19 वर्ष) पुत्र बृजमोहन कोटार्य के साथ हुई। बताया गया कि सोमवार दोपहर को दोनों दोस्त अपने घर से पशुओं के लिए पत्ती तोड़ने के उद्देश्य से बोधा का पुरा गांव के समीप स्थित एक बगीचे में गए थे।

जब दोनों युवक पत्ती तोड़ने में व्यस्त थे, तभी अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान एक जोरदार आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों युवक सीधे उसकी चपेट में आ गए। बिजली गिरने से दोनों बुरी तरह झुलस गए और जमीन पर गिर पड़े।

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में दोनों युवकों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अंकित कोटार्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अप्सार अली की गंभीर हालत को देखते हुए उनका सघन उपचार जारी है।

घटना की सूचना पर करछना थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने अंकित के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।