स्वतंत्रता दिवस : तिरंगा यात्रा पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
स्वतंत्रता दिवस : तिरंगा यात्रा पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर

लखनऊ, 13 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में कई जिलों में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है या फिर निकाली जाएंगी। इस यात्रा में किसी भी प्रकार कोई गड़बड़ी न होने पाए। यात्रा के आयोजकों पर इसकी जिम्मेदारी होगी। स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से निकले और किसी भी प्रकार कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए पुलिस के अधिकारी सारी तैयारी कर लें। यह निर्देश उत्तर प्रदेश के स्पेशल पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था प्रशांत कुमार ने दिए हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में हाईअलर्ट घोषित किया गया है। राजधानी के विधानसभा में होने वाले ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। अलग-अलग जगहों पर महत्वपूर्ण आयोजन किए जाएंगे। इसको देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम कर लिए जाएं।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के सुरक्षा की दृष्टि से प्रदेश में 238 कंपनी पीएसी, सात कंपनी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और तीन कंपनी एसडीआरएफ की तैनात की जाएगी। संवेदशनशील और अतिसंवेदनशील जनपदों में ड्रोन कैमरे से नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। डीजी ने सभी से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दे। अगर कोई ऐसा करता है तो इसकी सूचना पुलिस को दे। राष्ट्रीय पर्व को उत्साह के साथ मनाएं।
डीजी ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारी एवं पुलिस कमिश्नरेटों को अपने-अपने जनपदों में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश दिए हैं।