उप्र में अनुकम्पा नियुक्ति के तहत 12 आश्रितों को मिली सरकारी सेवा, कैबिनेट मंत्री ने सौंपे पत्र
परिवारों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध : बेबी रानी मौर्य
लखनऊ, 23 जनवरी । उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बाल विकास एवं पुष्टाहार बेबीरानी मौर्या ने शुक्रवार काे अपने सरकारी आवास पर 12 मृतक सरकारी कर्मचारी के आश्रितों को अनुकम्पा आधार पर सरकारी सेवा में योजित करते हुए नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उत्तर प्रदेश सेवाकाल में मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों की भर्ती नियमावली-1974 समय-समय पर यथासंशोधित 2025 के अनुसार इस तरह का अनुकम्पा नियुक्ति पत्र कैबिनेट मंत्री द्वारा प्रदान किए जाते रहे हैं।
मंत्री के द्वारा वर्ष 2025 में 40 मृत सरकारी सेवक के आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। आज जिन 12 आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
उनमें दीपांशी श्रीवास्तव को कनिष्ठ सहायक, ज्योर्तिमय सक्सेना को कनिष्ठ सहायक, कुमार राहुल को कनिष्ठ सहायक, सुजीत कुमार कनिष्ठ सहायक, दीपक कुमार को कनिष्ठ सहायक, विशाल साहू को कनिष्ठ सहायक, कौशलेन्द्र गौतम को चतुर्थ श्रेणी, अनुराग कुमार को चतुर्थ श्रेणी, पंकज कुमार को कनिष्ठ सहायक, राहुल कुमार शर्मा को चतुर्थ श्रेणी, आलोक कुमार खरवार को कनिष्ठ सहायक और मिथिलेश कुमार गौतम को कनिष्ठ सहायक के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इन सभी के माता या पिता सरकारी सेवक के रूप में कार्यरत थे। इस प्रकार कनिष्ठ सहायक के पद पर नाै एवं चतुर्थ श्रेणी के तीन आश्रितों को कैबिनेट नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इसी क्रम में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा मुख्य सेविका पद पर चयनित 2425 महिलाओं को मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। आयोग द्वारा नयी और 78 मुख्य सेविका तथा विभाग के लिए 597 नये कनिष्ठ सहायकों का चयन किया गया है। इन चयनित अभ्यर्थियों को माननीय मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्र ही नियुक्ति पत्र प्रदान किया जायेगा।