दुष्कर्म पीड़िता को 50 लाख मुआवजा, घर, नौकरी दे सरकार : अजय राय

दुष्कर्म पीड़िता को 50 लाख मुआवजा, घर, नौकरी दे सरकार : अजय राय

दुष्कर्म पीड़िता को 50 लाख मुआवजा, घर, नौकरी दे सरकार : अजय राय

कानपुर, 14 जनवरी । उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अजय राय बुधवार को कानपुर पहुंचे। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बालिका से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित दरोगा को पुलिस बचा रही है। पुलिस ने उन्हें पीड़ित और उसके भाई से मिलने नहीं दिया। उन्होंने सवाल किया कि आरोपित के घर पर बुलडोजर कब चलेगा ? अजय राय ने सरकार से पीड़िता के परिवार को 50 लाख का मुआवजा, घर और सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि कानपुर के सचेण्डी में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाला एक आरोपित भले ही जेल जा चुका है लेकिन इस घटना में शामिल चौकी इंचार्ज अमित यादव अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोप है कि इसके चलते पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है। आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय दर्जनों समर्थकों के साथ पीड़ित परिवार और नाबालिग पीड़िता से मुलाकात करने पहुंचे।

अजय राय के आने से पहले गांव में सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पीड़िता के घर पहुंचे अजय राय ने परिजनों से हालचाल जाना। इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में बहू बेटियां बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं। नाबालिक अभी भी न्याय पाने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही है। आज जब हम उससे मिलने पहुंचे तो पुलिस प्रशासन द्वारा साजिशन उसे और उसके भाई को यहां से हटा दिया गया।

उन्होंने कहा कि दुष्कर्म का पहला आरोपित दूसरे दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था। दरोगा की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो पा रही है ? इस परिवार के लिए सरकार घर, नौकरी और 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान करे। अजय राय ने कहा कि जब तक पीड़िता को इंसाफ नहीं मिलता है, तब तक कांग्रेस पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता परिवार के साथ खड़ा है।