रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, मार्गों को और बेहतर बनायें : सीमा द्विवेदी

रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, मार्गों को और बेहतर बनायें : सीमा द्विवेदी

रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, मार्गों को और बेहतर बनायें : सीमा द्विवेदी

प्रयागराज, 22 मई । उत्तर मध्य रेलवे की 10वीं जेडआरयूसीसी (जेआरयूसीसी) की द्वितीय बैठक प्रयागराज में हुई। इस दौरान यात्री सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद सीमा द्विवेदी ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, प्रमुख मेल एक्सप्रेस गाड़ियों के ठहराव में वृद्धि करने तथा स्टेशनों के सुंदरीकरण व पहुंच मार्गों को बेहतर बनाने का सुझाव दिया।

सांसद संध्या राय ने संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों पर बुनियादी सुविधाओं जैसे फुट ओवरब्रिज, शेल्टरों के विस्तार और नई विशेष गाड़ियों के संचालन अथवा वर्तमान गाड़ियों के विस्तारीकरण की आवश्यकता पर बल दिया।

इसके पूर्व उत्तर मध्य रेलवे की ओर से प्रयागराज में 10वीं क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति (जेआरयूसीसी) की द्वितीय बैठक हुई। बैठक में रेल सेवाओं, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर सांसद (राज्यसभा, उप्र) श्रीमती सीमा द्विवेदी, सांसद (लोकसभा, भिंड दतिया) श्रीमती संध्या राय और विधायक (राठ) श्रीमती मनीषा अनुरागी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

एनसीआर के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने सांसदों, विधायक और सदस्यों का स्वागत किया और रेलवे को देश की ‘लाइफ लाइन’ बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के महत्वपूर्ण हिस्सों को देश से जोड़ने का काम कर रहा है। महाप्रबंधक ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान उत्तर मध्य रेलवे द्वारा हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों और विकास कार्यों का विवरण साझा किया। महाप्रबंधक ने सांसद सीमा द्विवेदी व संध्या राय, विधायक मनीषा अनुरागी एवं उपस्थित सदस्यों को आश्वस्त किया कि बैठक में प्राप्त सभी सुझावों का गंभीरता से अध्ययन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जो मामले क्षेत्रीय रेलवे के अधिकार क्षेत्र में होंगे, उन्हें रेल विकास योजनाओं में शामिल किया जाएगा और शेष प्रस्तावों को रेलवे बोर्ड या अन्य जोनों को भेजा जाएगा। उपमहाप्रबंधक (सामान्य) एवं सचिव (जेडआरयूसीसी) अतुल मिश्रा ने समिति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस समिति के गठन का मुख्य उद्देश्य स्टेशनों और गाड़ियों पर यात्री-सुविधाओं को यथासंभव लाभदायक और सुगम बनाने के लिए जनमत प्राप्त करना है। इससे रेलवे प्रशासन को जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप सटीक निर्णय लेने में सहायता मिलती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 10वीं जेआरयूसीसी में कुल 52 सदस्य नामित हैं, जो समय-समय पर मेल, व्हाट्सएप और पत्रों के माध्यम से जनता की रेल संबंधी आकांक्षाओं से प्रशासन को अवगत कराते रहते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बैठक जन आकांक्षाओं को पूर्ण करने में अत्यंत सार्थक सिद्ध होगी। अंत में प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया और बैठक का समापन हुआ।