छात्रों को मादक पदार्थ बेचने वाले चार गिरफ्तार

छात्रों को मादक पदार्थ बेचने वाले चार गिरफ्तार

छात्रों को मादक पदार्थ बेचने वाले चार गिरफ्तार

नोएडा, 30 जुलाई । नॉलेज पार्क थाने की पुलिस ने छात्रों को ड्रग्स सप्लाई करने वाले गिरोह का गुरुवार को भंडाफोड़ कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये कीमत की ओजी गांजा और सिंथेटिक ड्रग्स बरामद हुई है।

ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने क्राउन एक्सपो की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलेसरा निवासी इमरान, उत्तराखंड निवासी दीपक कुमार, फर्रुखाबाद निवासी शिवम कुमार और हल्दौनी निवासी बॉबी के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1.05 किलोग्राम ओजी गांजा, 70 ग्राम शैम्पेन एमडी, 75 ग्राम ओजी (ओरिजिनल ग्रोअर कैलिफोर्निया वीड), 144 एमडीएमए एक्स्टसी गोलियां और 63 ग्राम काला हशीश बरामद हुई है। इसके अतिरिक्त, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और घटना में प्रयुक्त बाइक मिली है।

उनके मुताबिक पकड़े गए आरोपी सोशल मीडिया और मैनुअल दोनों तरीके से ड्रग्स की सप्लाई करते थे। यूनिवर्सिटी और कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों से संपर्क करते थे। इसके बाद उनकी मांग के अनुसार ड्रग्स की सप्लाई की जाती थी। हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को भी ड्रग्स सप्लाई की जा रही थी। आरोपी छात्रों को विदेशी ड्रग्स 3,000 से 4,000 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेचते थे। यह ज्यादातर व्हाट्सऐप के माध्यम से ऑर्डर लेते थे और फिर ड्रग्स की डिलीवरी करते थे।

अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि गिरोह का सरगना अभी फरार है। सरगना द्वारा इन आरोपियों को ड्रग्स सप्लाई की जाती थी। पुलिस का दावा है कि सरगना पार्सल के जरिए आरोपियों तक ड्रग्स पहुंचाता था। इसके बाद आरोपी पुड़िया बनाकर छात्रों तक ड्रग्स पहुंचाते थे। पुलिस का दावा है कि सरगना के पकड़े जाने पर ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी बाइक के जरिए ड्रग्स की सप्लाई करते थे। यह छात्रों को उनके दिए गए पते पर आसानी से ड्रग्स पहुंचाते थे। बाइक को लेकर किसी भी गली में आसानी से पहुंच जाते थे। इसके बाद वहां से निकल जाते थे।