सीबीआई अधिकारी बनकर ठगी करने वाले चार गिरफ्तार
सीबीआई अधिकारी बनकर ठगी करने वाले चार गिरफ्तार
सोनभद्र, 03 फ़रवरी। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की पुलिस ने मंगलवार को ऐसे गिरोह का खुलासा किया हैं, जो सीबीआई अधिकारी बनकर लोगों से धन उगाही करते थे। गिरोह में शामिल चार अभियुक्तों को कानपुर नगर से गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि अभियुक्तों ने लाेगाें काे लालच देकर उनके नाम से अब तक 100 से अधिक सिम कार्डों का प्रयोग कर देशभर में साइबर ठगी की हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को बताया कि म्योरपुर थाना क्षेत्र निवासी आवेदिका सुषमा गुप्ता ने तहरीर दी थी। पीड़ित ने बताया कि मोबाइल पर फोन कर अज्ञात लोगों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर धन की मांग और न देने पर जान से मारने की धमकी और मोबाइल हैक कर धन की उगाही करने का गंभीर अपराध किया। इस संबंध में थाना म्योरपुर पर आईटी एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर साइबर क्राइम थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। जांच के दाैरान मिले साक्ष्य के आधार पर निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम को जनपद कानपुर नगर भेजा गया, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
एसपी ने बताया की पकड़े गए अभियुक्तों में कानपुर नगर का रहने वाला सुरेंद्र कुमार, गोलू राजपूत, जुनैद और अनुराग सिंह शामिल हैं। उनके कब्जे से 07 मोबाइल फोन, विभिन्न व्यक्तियों के नाम से आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं विभिन्न बैंकों के खातों से संबंधित दस्तावेज बरामद किया गया।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि अभियुक्तगण आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच देकर उनके नाम पर सिम कार्ड लेकर साइबर अपराध करते थे। अभियुक्तगण अश्लील वीडियो देखने के नाम पर लोगों को फंसाकर एआई तकनीक से फर्जी न्यूड फोटो तेयार कर धमकी देकर धन उगाही करते थे। इसके अतिरिक्त ब्लॉक हो चुके नंबरों को गुमशुदगी दर्शाकर पुनः एक्टिवेट कर अपराध में इस्तेमाल किया जाता था। अभियुक्तों ने अब तक 100 से अधिक सिम कार्डों का प्रयोग कर देशभर में साइबर ठगी की बात कबूली हैं। जनपद सोनभद्र के भी कई पीड़ितों की जानकारी सामने आई है। साइबर थाना पुलिस इस मामले में अग्रिम कार्यवाही कर रही है।----------------