आउटर पर खड़ी ट्रेनों में चोरी करने वाले पांच शातिर चोर गिरफ्तार, 5 लाख नकदी समेत अन्य माल बरामद

आउटर पर खड़ी ट्रेनों में चोरी करने वाले पांच शातिर चोर गिरफ्तार, 5 लाख नकदी समेत अन्य माल बरामद

आउटर पर खड़ी ट्रेनों में चोरी करने वाले पांच शातिर चोर गिरफ्तार, 5 लाख नकदी समेत अन्य माल बरामद

कानपुर, 19 मार्च । कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के आउटर पर खड़ी ट्रेनों में घुसकर रेल यात्रियों का सामान चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए जीआरपी ने पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों के पास से पांच लाख रुपये से अधिक की नगदी, ट्रॉली बैग, मोबाइल व अन्य सामान बरामद किया गया है। इसके अलावा वारदात में शामिल आर15 स्पोर्ट्स बाइक भी जब्त की गई है।

जीआरपी सीओ दुष्यंत सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि यह गिरोह अक्सर स्टेशन के आउटर पर खड़ी होने वाली ट्रेनों को अपना निशाना बनाता था। ट्रेन रुकते ही आरोपित बोगियों में चढ़ जाते थे। इसके बाद मौका मिलते ही यात्रियों का सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। जीआरपी को लगातार मिल रही शिकायतों के चलते पुलिस की पांच टीमें इनकी तलाश में लगी थीं। इसी बीच पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और मोबाइल ट्रैकिंग की सहायता से स्टेशन के आउटर से पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए चोरों की पहचान गोविंद नगर निवासी साहिल सोनकर उर्फ पोलू उर्फ गोलू, अभिषेक पासवान, उन्नाव निवासी विशाल वाल्मीकि, जीतू सिंह और सुमित कुमार वर्मा के रूप में हुई है।

जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि इस गिरोह की खासियत यह है कि आउटर पर रुकने वाली ट्रेनों में ये अक्सर रात का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसके अलावा चुराए गए पैसों से ये नशा और महंगे शौक पूरे किया करते थे। ऐसे में रेल में यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष तौर पर रात के समय आउटर पर सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके।