भांजे ने रंजिश के चलते की थी किसान की हत्या, आरोपित गिरफ्तार
भांजे ने रंजिश के चलते की थी किसान की हत्या, आरोपित गिरफ्तार
कानपुर, 05 जून । महाराजपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में मंदिर परिसर में सो रहे किसान की गला काटकर की गई हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतक के भांजे को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त फावड़ा बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश के कारण हत्या की वजह सामने आई है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि तीन जून की रात किशनपुर निवासी कालीशंकर निषाद अपने घर के सामने बने मंदिर में सो रहे थे। देर रात किसी ने धारदार हथियार से उनका गला काट दिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए हैलट अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पुत्री निशा की तहरीर पर महाराजपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने किशनपुर निवासी शुभम को कटरी गंगा किनारे स्थित काली मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह मृतक कालीशंकर निषाद का भांजा लगता था। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और कई बार कहासुनी भी हो चुकी थी। इसी रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। Àropit की निशानदेही पर पुलिस ने गंगा किनारे से हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हत्या जैसी गंभीर घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करने पर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।