फर्जी दस्तावेज़, करोड़ों का खेल और कफ सिरप कनेक्शन, अदलहाट पुलिस के हत्थे चढ़ा तीसरा आरोपित

फर्जी दस्तावेज़, करोड़ों का खेल और कफ सिरप कनेक्शन, अदलहाट पुलिस के हत्थे चढ़ा तीसरा आरोपित

फर्जी दस्तावेज़, करोड़ों का खेल और कफ सिरप कनेक्शन, अदलहाट पुलिस के हत्थे चढ़ा तीसरा आरोपित

मीरजापुर, 24 दिसम्बर । कफ सिरप मामले में अदलहाट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को तीसरे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित की पहचान ग्राम परोरा, नारायणपुर निवासी शिवम द्विवेदी के रूप में हुई है, जो सनराइज ट्रेडर्स नामक फर्म का प्रोपराइटर बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपित पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे दवा एजेंसी खोलने और संदिग्ध तरीके से कफ सिरप की खरीद–फरोख्त करने का आरोप है।

पुलिस जांच में सामने आया कि शिवम द्विवेदी की फर्म को नई दिल्ली स्थित वान्या इंटरप्राइजेज से करीब 1 लाख 42 हजार शीशी कफ सिरप की आपूर्ति की गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इस सिरप का अवैध रूप से दुरुपयोग किया गया। विवेचना के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि सनराइज ट्रेडर्स मौके पर नियमित रूप से संचालित नहीं थी, बल्कि फर्म केवल एक-दो बार ही खोली गई, इसके बावजूद बड़े पैमाने पर सिरप की बिक्री दर्शाई गई।

इस मामले में 3 दिसम्बर को थाना अदलहाट में एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच में फर्म के ड्रग लाइसेंस में प्रयुक्त आधार कार्ड फर्जी पाया गया, जबकि बैंक खातों में लगाए गए आधार कार्ड पर अलग पता दर्ज था। पुलिस के मुताबिक आरोपित की फर्म के एचडीएफसी बैंक सिगरा और सेंट्रल बैंक वाराणसी स्थित खातों में लगभग 8 करोड़ 25 लाख रुपये का लेन-देन सामने आया है।

पुलिस ने दवा आपूर्ति, बिल, परिवहन में प्रयुक्त वाहनों और ट्रेसबिलिटी से जुड़ी जानकारी के लिए जीएसटी विभाग को भी पत्र भेजा है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 24 दिसंबर को आरोपी को पूछताछ के दौरान थाना परिसर से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक एप्पल मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद हुए हैं। प्रभारी निरीक्षक अजय सेठ का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।