शिव शक्ति की अखंड साधना से जागेगी सनातन चेतना : शंकराचार्य अधोक्षजानंद
- धर्मनगरी चित्रकूट में श्री शिवशक्ति महायज्ञ एवं राजराजेश्वरी महाआराधना का दिव्य आयोजन - अरूणाचंल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चोवना मीन भी हुए शामिल
चित्रकूट, 08 फ़रवरी । जहां कण-कण में शिव का वास है और जहां साधना स्वयं श्वास बन जाती है। उसी उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी चित्रकूट जिले में सनातन परंपरा का विराट उद्घोष होने जा रहा है। श्री शंकराचार्य विजयतेतराम की पुण्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री शिव शक्ति महायज्ञ एवं राजराजेश्वरी महाआराधना का दिव्य एवं अलौकिक आयोजन 15 फरवरी 2026 तक जारी रहेगा।
यह महायज्ञ केवल अनुष्ठान नहीं, बल्कि शिव और शक्ति के अद्वैत तत्त्व का जीवंत साक्षात्कार है। आयोजन पूर्वाम्नाय गोवर्धनमठ पुरी पीठाधीश्वर, जगद्गुरु शंकराचार्य अनंतश्री विभूषित स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ जी महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा। उनके दिव्य मार्गदर्शन में वेद, उपनिषद और शाक्त परंपरा की अखंड धारा पुनः प्रवाहित होगी।
जगद्गुरु शंकराचार्य जी ने रविवार को कार्यक्रम के दूसरे दिन स्पष्ट किया कि जब समाज धर्म से विमुख होता है, तब ऐसे महायज्ञ सनातन आत्मा को पुनर्जीवित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिव चेतना और शक्ति उपासना के बिना जीवन अपूर्ण है और राष्ट्र तभी सशक्त होगा जब उसकी जड़ें धर्म में दृढ़ होंगी।
आदि शंकराचार्य की दिव्य छवि और मां राजराजेश्वरी की महिमा श्रद्धालुओं के हृदय में आस्था की ज्योति प्रज्वलित कर रही है। यज्ञशाला में गूंजते वैदिक मंत्र, अग्नि में अर्पित आहुतियां और देवी स्तुति से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो उठा है।
आयोजन को लेकर संत समाज, विद्वान आचार्य और हजारों श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह देखा जा रहा है। इस दिव्य आयोजन में अरूणाचंल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चोवना मीन, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा, विधायक दिनेश मिश्रा और बांदा चित्रकूट सांसद कृष्णा पटेल और उनके पति पूर्व मंत्री शिव शंकर पटेल, समाजसेवी अरुण तिवारी सहित तमाम गणमान्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।