एकजुट ने घोषित किया तीन शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी

एकजुट ने घोषित किया तीन शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी

एकजुट ने घोषित किया तीन शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी

प्रयागराज, 07 जून । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ईसाबेला थोर्बन स्कूल लालबाग, लखनऊ में रविवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सोहन लाल वर्मा ने की। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सितम्बर-अक्टूबर में होने वाले विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक खण्ड की रिक्त 11 सीटों पर संगठन प्रत्याशी उतारेगा।

यह जानकारी एकजुट के प्रदेश संरक्षक डॉ हरि प्रकाश यादव ने दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर तीन शिक्षक खण्ड की सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए गये। जिसमें लखनऊ खण्ड शिक्षक से प्रदेश अध्यक्ष सोहन लाल वर्मा, गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक से प्रदेश महामंत्री राजीव यादव एवं आगरा खण्ड शिक्षक से जिलाध्यक्ष इटावा रणविजय सिंह को संगठन का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया। प्रदेश संरक्षक ने कहा कि अन्य क्षेत्रों में प्रत्याशियों की घोषणा जुलाई में की जायेगी।

डॉ हरि प्रकाश यादव ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बिना प्रतिकर अवकाश के शिक्षकों को विद्यालय बुलाने, सेवा सुरक्षा पर सरकार के ढुलमुल रवैये, कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था अभी तक लागू न होने, वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा नियमावली अभी तक तय न होने, एनपीएस से ओपीएस में आये शिक्षकों का एनपीएस अंशदान जीपीएफ में कन्वर्ट न होने एवं सत्र 2026-27 के लिए अभी तक स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू न किये जाने पर आक्रोश व्यक्त किया गया।

एकजुट के प्रदेश अध्यक्ष सोहन लाल वर्मा ने कहा कि सरकार के उपेक्षात्मक रवैये के कारण पूरे प्रदेश के शिक्षकों में भारी आक्रोश है। सरकार शिक्षकों की जायज मांगों पर विचार नहीं कर रही है जो चिंतनीय है। किन्तु संगठन शान्त नहीं बैठेगा, लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष किया जायेगा और जरूरत पड़ी तो संगठन सड़क पर उतरेगा। इसी क्रम में 30 जुलाई को प्रदेश के सभी डीआईओएस कार्यालयों पर संगठन धरना प्रदर्शन करेगा।

बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री राजीव यादव ने किया। इस अवसर पर उपेन्द्र वर्मा, प्रमोद पाठक, पवन यादव, बिरजू सरोज, सत्यवीर सिंह दिवाकर, राजू राम रतन, प्रमोद कुमार पाल, बिजेन्द्र वर्मा, डॉ सुनील सिंह, सुरेन्द्र प्रताप सिंह, श्रवण कुमार कुशवाहा सहित सभी जनपदों एवं मण्डलों के बडी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------