वंदे मातरम का गान शैक्षणिक संस्थाओं में अनिवार्य रूप से कराने का निर्णय सराहनीय: मनीष दीक्षित
वंदे मातरम का गान शैक्षणिक संस्थाओं में अनिवार्य रूप से कराने का निर्णय सराहनीय: मनीष दीक्षित
गोरखपुर, 11 नवंबर l भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के सभी विद्यालयों में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के नियमित गायन का निर्णय न केवल सराहनीय है, बल्कि यह राष्ट्रभावना को सशक्त करने वाला है। यह गीत भारत की आत्मा का स्वर है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौर में देशभक्ति की अग्नि प्रज्वलित की थी। अब जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे विद्यालयों में प्रतिदिन गाए जाने का निर्णय लिया है, तब यह भावी पीढ़ी के मन में राष्ट्र के प्रति गौरव, एकता और सम्मान की भावना को पुनर्जीवित करेगा।
गोरखपुर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए मीडिया प्रभारी श्री दीक्षित ने मीडिया से मुखातिब हुए इस निर्णय का स्वागत किया और कहा कि वंदे मातरम् का गायन किसी धर्म, जाति या वर्ग विशेष से जुड़ा नहीं है, बल्कि यह भारत माता के प्रति समर्पण और आभार की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि इस गीत का विरोध करना राष्ट्र की अस्मिता का अपमान है। जिन दलों और व्यक्तियों को वंदे मातरम् गाने में समस्या है, उन्हें देश की मिट्टी से प्रेम और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का स्मरण करना चाहिए।
श्री दीक्षित ने वंदे मातरम के गायन का विरोध करने वालों पर प्रहार करते हुए कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि कुछ तथाकथित सेक्युलर नेता सिर्फ तुष्टीकरण की राजनीति के कारण राष्ट्रगीत का भी विरोध कर रहे हैं। यह वही मानसिकता है जिसने वर्षों तक राष्ट्र के गौरव प्रतीकों को राजनीतिक नजरिए से देखा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार का यह निर्णय आने वाली पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगा और यही नया उत्तर प्रदेश, नया भारत की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि भाजपा की सरकार भारत की संस्कृति, परंपरा और राष्ट्र गौरव के प्रतीकों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज न केवल विकास के पथ पर अग्रसर है, बल्कि सांस्कृतिक चेतना के नवजागरण का भी केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ गाने में जिनको समस्या है, वे आत्मचिंतन करें क्योंकि भारत में रहकर भारत माता के प्रति सम्मान व्यक्त करना हमारा गौरव है, अपराध नहीं। इस मौके पर क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पाण्डेय नवीन मौजूद रहे।