रंग किसी सम्प्रदाय का नहीं होता, जितने भी रंग हैं ये सभी भारतीय संस्कृति के हैं : आचार्य प्रमोद कृष्णम
- आचार्य प्रमोद कृष्णम बोले, राहुल गांधी और संजय राउत भारत का फिर से विभाजन करवाना चाहते हैं

मुरादाबाद, 16 मार्च (हि.स.)। रंग किसी सम्प्रदाय का नहीं होता है, जितने भी रंग हैं ये सभी भारतीय संस्कृति के हैं। यह बातें कल्कि पीठीधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने संभल की विवादित जामा मस्जिद की रंगाई पुताई के सवाल पर पत्रकारों से कही। आचार्य प्रमोद कृष्णम रविवार को मुरादाबाद के एक होटल में पत्रकार वार्ता की।
कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने संभल की विवादित शाही जामा मस्जिद की रंगाई-पुताई के दौरान रंग को लेकर उपजे विवाद पर कहा कि और मुझे नहीं लगता है कि इस विवाद के पीछे कोई मजबूत तर्क है।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के प्रवक्ता संजय राउत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और संजय राउत भारत का फिर से विभाजन करवाना चाहते हैं। जिन्ना के भारत तोड़ने की तरह का ख्वाब अब संजय राउत भी देख रहे हैं। संजय राऊत चाहते हैं एक दूसरा पाकिस्तान बन जाए और राहुल गांधी उसके प्रधानमंत्री बनें। राहुल गांधी को अब राजनीति से सन्यास ले लेना चाहिए।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने औरंगजेब की कब्र को लेकर चल रहे विवाद पर कहा कि हम मुर्दों से लड़ाई नहीं करते। भारत का शौर्य-पराक्रम और भारत की बहादुरी इतिहास में दर्ज है। छत्रपति शिवाजी महाराज गुरु गोविंद सिंह, महाराणा प्रताप या जितने भी हमारे राष्ट्रीय नायक रहे हैं, इन्होंने कभी सनातन के सिंद्धान्त को नहीं तोड़ा और किसी की कब्र को हटाना ये तो तालिबान के काम है। सनातन इसकी अनुमति नहीं देता है। दुश्मन के मर जाने के बाद भी हम उसका सम्मान करते हैं।