गोरखपुर में मुख्यमंत्री याेगी 5 मई को शिक्षामित्रों से करेंगे संवाद, सम्मानित भी हाेंगे शिक्षामित्र
प्रदेशभर के सभी जनपदों में भी होंगे समानांतर आयोजन, करीब 1.43 लाख शिक्षामित्र होंगे लाभान्वित
लखनऊ, 03 मई । उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि के बाद अब उन्हें सम्मानित करने की तैयारी कर रही है। इस पहल के तहत पूरे प्रदेश के शिक्षा मित्राें काे सम्मानित किया जाना है। इससे संबंधित राज्यस्तरीय कार्यक्रम 5 मई को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुभारंभ करेंगे।
दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार ने परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत लगभग 1.43 लाख शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ा दिया है। सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से इसे लागू कर बेसिक शिक्षा के 13,597 और समग्र शिक्षा के 1,29,332 शिक्षामित्रों को 18 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से भुगतान किया जा रहा है।
राज्य सरकार प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था की नींव को मजबूत करने वाले शिक्षामित्रों को अब उचित पहचान और संबल दे रही है। अब 5 मई को गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में सुबह 11 बजे होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री याेगी शिक्षामित्रों से संवाद भी करेंगे और उन्हें सम्मानित भी करेंगे। इस कार्यक्रम के समानांतर सभी जनपदों में भी इस तरह के आयोजन किए जाएंगे।
लाइव प्रसारण और व्यापक भागीदारी
गाेरखपुर में मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन और मुख्यमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर किया जाएगा, जिससे प्रदेशभर के शिक्षामित्र इस अवसर के साक्षी बन सकें। इसके साथ ही सभी जनपदों में भी समानांतर रूप से आयोजन हाेंगे, जहां स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और शिक्षामित्रों की भागीदारी होगी। शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मानदेय बढ़ने से शिक्षा की गुणवत्ता अधिक बेहतर होगी।