सेना के सोल्जर जीडी पद के लिए बलिया और चंदौली के युवाओं ने दिखाया दम,624 रेस में सफल

अग्निवीर भर्ती रैली में 979 युवाओं ने की भागीदारी,भर्ती निदेशक कर्नल मानस महापात्रा की देखरेख में हुई भर्ती प्रक्रिया

सेना के सोल्जर जीडी पद के लिए बलिया और चंदौली के युवाओं ने दिखाया दम,624 रेस में सफल

वाराणसी,14 नवम्बर । उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित छावनी क्षेत्र के रणबांकुरा स्टेडियम में कड़ी सुरक्षा के बीच चल रही सेना (अग्निवीर) भर्ती रैली के तहत शुक्रवार को सोल्जर जीडी (जनरल ड्यूटी) पद के लिए बलिया और चंदौली जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया सम्पन्न हुई। सैन्य अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान कुल 1217 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 979 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। निर्धारित दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 624 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए।

भर्ती प्रक्रिया का नेतृत्व बरेली एआरओ ( आर्मी रिक्रूटिंग आफिस) के भर्ती निदेशक कर्नल मानस महापात्रा ने किया। उनके निर्देशन में पूरी प्रक्रिया पूरी तरह अनुशासित, पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हुई। स्थानीय सेना भर्ती निदेशक कर्नल शैलेष कुमार ने बताया कि पूरी प्रक्रिया अनुशासित, पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि युवाओं में सेना में शामिल होने को लेकर जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है। अब चयनित अभ्यर्थियों को अगले चरण की प्रक्रिया के लिए बुलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आज की रैली में चंदौली जिले की सकलडीहा व मुगलसराय तहसील, देवरिया जिले की सदर, बरहज और भाटपार रानी तहसील के अभ्यर्थियों ने भागीदारी की। उन्होंने बताया कि शनिवार 15 नवंबर को देवरिया के सलेमपुर, रुद्रपुर, तथा गाजीपुर के जमानिया, कासिमाबाद, सेवराई तहसील के 1233 अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।