जब तक शरीर में खून की एक भी बूंद है, इस मिट्टी के लिए संघर्ष करते रहेंगे : मंत्री ए. के. शर्मा
जब तक शरीर में खून की एक भी बूंद है, इस मिट्टी के लिए संघर्ष करते रहेंगे : मंत्री ए. के. शर्मा
मऊ, 05 फ़रवरी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने मऊ भ्रमण के दौरान उसुरी कुटी, मधुबन में संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती पखवाड़ा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत समाज, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मंत्री ने संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
अपने संबोधन में मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि श्री रविदास जी विलक्षण संत थे, जिनके विचारों को पूरा देश नमन करता है। उन्होंने समाज में व्याप्त आडंबरों और अंधविश्वासों का विरोध करते हुए मानवता, समानता और आत्मशुद्धि का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि “मन चंगा तो कठौती में गंगा” जैसे विचार आज भी समाज को सदाचार और आत्मचिंतन की प्रेरणा देते हैं।
मंत्री ने कहा कि संत रविदास जी का संदेश था कि ईश्वर की खोज बाहर नहीं, बल्कि अपने भीतर करनी चाहिए। यदि मन स्वच्छ और निर्मल हो, तो ईश्वर का साक्षात्कार संभव है। उनके विचार आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।
ऊर्जा मंत्री ने जानकारी दी कि उसुरी कुटी के समग्र विकास हेतु वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत का प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रक्रियाधीन है, जिसे शीघ्र स्वीकृति मिलने की संभावना है। इससे सुंदरीकरण, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार एवं श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित होंगी। उन्होंने बताया कि विद्युत सब स्टेशन की स्थापना, डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण, घाटों का विकास सहित कई परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और अन्य कार्य प्रगति पर हैं।
पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि कभी मऊ का विकास ठहर गया था, कई जरूरी कार्य समय पर नहीं हो पाए। अब सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ रुके हुए सभी विकास कार्यों को पूरा कर रही है। भावुक शब्दों में उन्होंने कहा कि जब तक शरीर में खून की एक भी बूंद है, तब तक इस मिट्टी के लिए संघर्ष करते रहेंगे और मऊ का विकास करके दिखाएंगे।
मंत्री ने यह भी कहा कि विद्युत क्षेत्र में व्यापक संरचनात्मक सुधार किए गए हैं, जिससे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हुई है। साथ ही शिक्षा, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में भी संतुलित एवं सतत विकास कार्य निरंतर जारी है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।