छत पर पटाखा फोड़ते समय गिरे मासूम की मौत, गांव में छाया सन्नाटा
छत पर पटाखा फोड़ते समय गिरे मासूम की मौत, गांव में छाया सन्नाटा
मीरजापुर, 20 अक्टूबर । हलिया थाना क्षेत्र के धमौली गांव में दीपावली की रौनक उस वक्त गम में बदल गई जब पटाखा फोड़ते समय छत से गिरकर 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई। सोमवार शाम हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया।
धमौली गांव निवासी बनवारी का पुत्र आवेश (11) अपने दोस्तों के साथ घर की पक्की छत पर पटाखे फोड़ रहा था। खेल-खेल में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरा। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए प्रयागराज होते हुए वाराणसी ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि मृतक आवेश गोरगी स्थित एक विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था और दो भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे के बाद से पिता बनवारी और माता श्यामदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार ने बताया कि यह पूरी तरह से एक दुर्घटना थी। ज़रा-सी असावधानी ने दीपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया।