सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं पर लगाई जा सकती है रोक : छत्रपाल सिंह गंगवार
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं पर लगाई जा सकती है रोक : छत्रपाल सिंह गंगवार
बरेली, 1 जनवरी । मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार 1 जनवरी से 31 जनवरी तक प्रदेश भर में मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का गुरुवार को जनपद बरेली में शुभारंभ हुआ। राजकीय इंटर कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा, मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ दुबे, उप परिवहन आयुक्त कमल प्रसाद गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक यातायात अकमल खां विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रणव झा ने स्वागत भाषण देते हुए बरेली मंडल का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए किए गए प्रयासों, रिफ्लेक्टर अभियान, ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप, सड़क सुरक्षा मित्र योजना सहित जनवरी माह में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बरेली जनपद ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
द्रौपदी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा पर आधारित जागरूकता गीत प्रस्तुत किया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े आंकड़ों का प्रस्तुतीकरण किया। अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा ने अपने संदेश में यातायात नियमों के कड़ाई से पालन पर जोर देते हुए छात्रों व नागरिकों से दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
यातायात पुलिस द्वारा ZFD (जीरो फेटालिटी डिस्ट्रिक्ट) कार्ययोजना की जानकारी दी गई। ट्रांसपोर्ट यूनियन ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संदेश दिया। सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।
कार्यक्रम में एनएचएआई के अधिकारियों एवं यातायात पुलिस के कर्मियों को सम्मानित किया गया। अंत में सांसद ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।