बिजनौर की पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, हादसे में एक मजदूर का सिर धड़ से अलग हो गया
-एसपी बिजनौर अभिषेक झा, एसडीएम सहित कई अधिकारी माैके पर पहुंचे
बिजनौर, 16 दिसम्बर | उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना नजीबाबाद कोतवाली मार्ग पर जलालाबाद क्षेत्र के मोहल्ला मुनीरगंज निवासी हमराज व काशिफ की शिफा फायर वर्क्स के नाम से पटाखा फैक्ट्री में आज मंगलवार की सवेरे भीषण विस्फोटक हो गया। इस हादसे से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई और काफी देर तक आसपास के क्षेत्र में दहशत बनी रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे की सूचना पर एसपी बिजनौर अभिषेक झा, एसडीएम नजीबाबाद शैलेंद्र कुमार सिंह सीओ नितेश प्रताप सिंह और थाना प्रभारी नजीबाबाद राहुल सिंह, अग्नि शमन प्रभारी कन्हैया सिंह जादौन आदि ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसी के साथ प्रशासन की कई टीम में जांच में जुट गई है | बताया गया है कि फैक्ट्री में आम के पेड़ के नीचे गंधक पोटाश छानते समय मजदूर सुधीर कुमार पुत्र राजपाल उम्र 35 वर्ष निवासी गांव पाडला थाना किरतपुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई | धमाका इतना जबरदस्त था कि मजदूर का सिर और ऊपरी धड़ शरीर से अलग होकर दूर जा गिरा और शरीर के हिस्से घटना स्थल पर दूर-दूर तक बिखर गए। कई अन्य भी घायल हाे गए। इस हादसे के समय फैक्ट्री में कुछ दूरी पर मृतक का भतीजा अभिषेक और 40 - 50 मजदूर काम कर रहे थे। इनमें महिलाएं भी थीं।
विस्फोटक होते ही फैक्ट्री में अफरातफरी और भगदड़ मच गई | प्रशासन में फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू कर दी है, विस्फोटकों के कारणों को लेकर भी अग्निशमन विभाग और फॉरेस्टिंग टीम जांच में जुट गई है | इस संबंध में एसपी बिजनौर अभिषेक झा ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके के दौरान एक मजदूर की मौत हुई है । इसके अलावा कोई भी घायल नहीं है फैक्ट्री का लाइसेंस वैध है । पूरे मामले की कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। अगर कोई गड़बड़ी मिलती है तो लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी तथा इसमें अभियोग दर्ज किया जाएगा |