शादी के ग्यारह महीने बाद ही महिला ने की आत्महत्या
--पति पर किसी अन्य युवती से प्रेम प्रसंग का आरोप

झांसी, 13 अप्रैल (हि.स.)। चिरगांव थाना शादी के 11 महीने बाद ही एक महिला ने आत्महत्या कर ली। आरोप है कि उसके पति का किसी और युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर दोनों के बीच लगातार झगड़ा होता था। शनिवार को पति ने अपने ससुर को फोन कर कहा कि अपनी बेटी को ले जाओ। इसके बाद जब मायके वाले ससुराल पहुंचे, तो शिवानी जमीन पर मृत पड़ी थी। मायके वालों ने गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए ससुर को हिरासत में ले लिया।
देदर गांव निवासी शिवानी यादव (25) का मायका मध्य प्रदेश के सेंधरी में है। शिवानी के मामा रघुराज यादव ने बताया कि उसकी भांजी की शादी 28 अप्रैल, 2024 को मनीष यादव से हुई थी। शादी में शिवानी के पिता रविंद्र यादव ने 20 लाख रुपए खर्च किए थे। शादी के बाद से ही ससुराल वाले भांजी को दहेज के लिए परेशान करने लगे। 10 दिन पहले ही शिवानी मायके से अपने ससुराल आई थी। 28 अप्रैल को भांजी की शादी की पहली सालगिरह थी।
रघुराज यादव ने आगे बताया कि भांजी के पति मनीष का किसी और युवती से प्रेम प्रसंग था। वह उसी से शादी करना चाहता था। इसको लेकर भांजी और मनीष के बीच झगड़ा होता था। शनिवार को मनीष ने ससुर रविंद्र को फोन कर कहा कि शिवानी को ले जाओ। अब मैं इसे नहीं रख सकता। इस पर शिवानी के छोटे भाई रौनक और चचेरे भाई शानू को देदर भेजा। दोनों पहुंचे तो शिवानी जमीन पर पड़ी थी। ससुराल वाले एम्बुलेंस से शिवानी को चिरगांव सीएचसी ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद ससुराल वाले भाग गए।
इस सम्बंध में चिरगांव थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया कि पिता रविंद्र यादव की तहरीर पर पति मनीष, ससुर राजकुमार, सास समेत 6 ससुराल वालों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। ससुर को हिरासत में लेकर अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।