महाशिवरात्रि पर शिवमन्दिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
- सिंह महेश्वर व पतालेश्वर सहित कई शिवालयों में ॐ नम: शिवाय का जाप शुरू
हमीरपुर, 15 फरवरी। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शिवमंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। एतिहासिक शिवमंदिरों में ओम नम:शिवाय का जाप भी शुरू हो गया है जो देर रात चलेगा। इस पर्व की रंगत सिंह महेश्वर मंदिर और पतालेश्वर मंदिर में देखती ही बन रही है। वहीं शल्लेश्वर महादेड्ढव मन्दिर में जलाभिषेक करने वालों का तांता लग गया है। भंग और तरंग के इस पर्व में शिवमन्दिरों की भव्यता और सुन्दरता देखते ही बन रही थी।
उधर यमुना पुल पार बीबीपुर गांव में गौरीशंकर बाबा मन्दिर में शिव महोत्सव का आयोजन किया गया है जिसमें दूरदराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुये पुलिस ने सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किये हैं।
महाशिवरात्रि का पर्व होने से इस बार भी हमीरपुर व उसके आसपास के इलाकों में महाशिवरात्रि का पर्व पूरे जोश-खरोश से मनाया जा रहा है। नगर के पतालेश्वर, मन्दिर में जलाभिषेक करने के लिये भारी संख्या में लोग पहुंचे। यहां मंदिर में तिल रखने की जगह नहीं थी। श्रद्धालुओं ने पताली शिवलिंग पर पहले तो यमुना के जल से जलाभिषेक किया, फिर शहद और दही से स्नान कर शिवलिंग की पूजा अर्चना की गयी। मंदिर में अन्य शिवलिंग की पूजा भी लोगों ने की। यमुना नदी किनारे बने इस प्राचीन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुये पुलिस प्रशासन ने तगड़े इंतजाम किये है। महिला सिपाहियों की भी तैनाती की गयी है।
नगर से कुछ किमी. दूर सिंह महेश्वर मंदिर में भी हजारों शिव भक्तों ने जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। यहां यमुना बेतवा नदी के संगम पर पहले तो लोगों ने स्नान किया, फिर संगम से जल लेकर सिंह महेश्वर मंदिर में जाकर शिवलिंग का जलाभिषेक किया। शिवलिंग में भांग, धतूरा, गेहूं की बाली और बेल चढ़ाकर शिव भक्त बम-बम भोले के जयकारा लगा रहे है।
कलेक्ट्रेट परिसर पर मराठा कालीन मंदिर में भी शिवलिंग का जलाभिषेक करने के लिये लोगों की भीड़ उमड़ी है। इस मंदिर में स्थापित शिवलिंग का इतिहास कम से कम पांच सौ साल पुराना है।
हाथी दरवाजा स्थित भी चंदेल कालीन शिवमंदिर में महाशिवरात्रि की धूम मची हुयी है। सुमेरपुर क्षेत्र के सिमनौड़ी गांव में स्थित मनेश्वर बाबा के मंदिर में भी सुबह से पूजा अर्चना के लिये श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। इस मंदिर में ओम नमः शिवाय का जाप चल रहा है जो देर रात तक चलेगा। मंदिर में मेले का भी आयोजन किया गया है।
कुरारा क्षेत्र के चंदूपुर में भी प्राचीन शिवमंदिर में महाशिवरात्रि की धूम मची हुई है। बम बम भोले के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंज गया है। जिले के राठ कस्बे में चौपेश्वर मन्दिर में महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर धार्मिक अनुष्ठड्ढान किये गये है। इस मंदिर में भी दर्जनों गांवों के श्रद्धालु जलाभिषेक करने के लिये पहुंचे है। मंदिर के अंदर और बाहर भारी भीड़ एकत्र है।
वहीं सरीला में तो सल्लेश्वर महादेव मन्दिर महाशिवरात्रि पर भव्यता और सुन्दरता देखते ही बन रही है। तड़के चार बजे से इस मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ जो अभी भी जारी है। यह मंदिर गुप्तकालीन है इसीलिये श्रद्धालुओं की इसमें आस्था है। मंदिर के बाहर मेला भी लगा है। यमुना नदी पार बिहारेश्वर व बीबीपुर में गौरीशंकर बाबा मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर धार्मिक अनुष्ठान किये जा रहे है। इन दोनों मंदिरों में कांवरियें जलाभिषेक कर ओ नमः शिवाय का जाप कर रहे है।