सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन पीरियड में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को मिलेगा 25 हजार का इनाम

सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन पीरियड में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को मिलेगा 25 हजार का इनाम

सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन पीरियड में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को मिलेगा 25 हजार का इनाम

गौतमबुद्ध नगर, 7 अक्टूबर । इंसानियत के नाते सड़क दुर्घटना में किसी गंभीर रूप से घायल को समय पर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर तक पहुंचाने वाले काे उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से राहवीर सम्मान दिया जाएगा। ऐसे व्यक्ति को 25 हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार की यह योजना गौतमबुद्ध नगर में भी लागू हो गई है।



परिवहन विभाग के एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय ने मंगलवार काे बताया कि इस योजना का मकसद घायलाें काे तुरंत पहुंचाने के

लोगों काे जागरूक करना है। उन्हाेंने कहाकि अक्सर जब सड़क पर कोई दुर्घटना होती है, तो कई लोग रुककर देखते हैं लेकिन मदद करने से डरते हैं। कहीं पुलिस की पूछताछ में न फंस जाएं या किसी झंझट में न पड़ जाएं। इन सब को देखते हुए अब सरकार ने साफ कहा है कि जो भी व्यक्ति हादसे के बाद एक घंटे (जिसे गोल्डन ऑवर कहा जाता है) में घायल को अस्पताल पहुंचाएगा, उसे सरकार की ओर से पुरस्कृत और सम्मानित किया जाएगा।

डॉ. पांडेय ने बताया कि यदि घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो जाए तब भी मदद करने वाले को सम्मान मिलेगा। बशर्ते अस्पताल यह पुष्टि करें कि मौत का कारण सड़क हादसा था। यानी अब मदद करने वाले को किसी तरह का नुकसान नहीं होगा, बल्कि समाज में उसकी पहचान एक राहवीर के रूप में बनेगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि गंभीर सड़क दुर्घटना वही मानी जाएगी, जिसमें बड़ी सर्जरी करनी पड़े, घायल तीन दिन से ज्यादा अस्पताल में भर्ती रहे, मस्तिष्क या रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट हो, या इलाज के दौरान मौत हो जाए। एआरटीओ ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद हर एक मिनट किसी घायल की जान बचाने में अहम होता है। अगर आम लोग आगे आएं, तो सैकड़ों जानें बचाई जा सकती हैं। सरकार चाहती है कि आम जनता इस योजना को अपनाएं और बिना किसी डर के मदद करे।