अवैध तमंचे के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार
अवैध तमंचे के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार
कानपुर, 10 मार्च। रावतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर अपराधी को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित काफी समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था और इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
मस्वानपुर चौराहे के पास गश्त के दौरान मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक क्षेत्र में घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कुछ दूरी पर उसे दबोच लिया।
पकड़े गए युवक से पूछताछ की गई तो उसने अपनी पहचान मस्वानपुर निवासी आशीष गौतम के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस उसे थाने ले आई और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि आरोपित के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।