प्रयागराज में 26वां गंगा महोत्सव 17 मई से , सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी विशेष धूम: अवधेश चंद्र गुप्ता
प्रयागराज में 26वां गंगा महोत्सव 17 मई से , सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी विशेष धूम: अवधेश चंद्र गुप्ता
प्रयागराज, 14 मई । उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में हरिहर गंगा आरती समिति द्वारा आयोजित हाेने वाले 26वें गंगा महोत्सव के अंतर्गत इस वर्ष विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों की विशेष श्रृंखला आयोजित की जाएगी। महोत्सव का आयोजन 17 मई से 26 मई तक गंगा दशहरा के अवसर पर किया जाएगा।
यह जानकारी गुरुवार को मीडिया से समिति के कार्यक्रम संयोजक एवं महासचिव अवधेश चंद्र गुप्ता ने दी । उन्होंने बताया कि 10 दिवसीय गंगा महोत्सव का शुभारंभ 17 मई को मां गंगा की मूर्ति स्थापना एवं भजन संध्या के साथ होगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रयागराज के रामघाट, त्रिवेणी बांध के नीचे किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में देश के नामचीन भजन गायकों, लोक नृत्य कलाकारों, कवियों एवं सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। प्रतिदिन मां गंगा की आरती, भजन, प्रसाद वितरण एवं स्वच्छ गंगा-निर्मल गंगा का संकल्प कार्यक्रम आयोजित होगा।
महोत्सव के दौरान 18 मई को उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। 19 मई को भजन संध्या एवं सांस्कृतिक आयोजन होंगे, जबकि 20 मई को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कवि ईश लाल प्रताप सिंह एवं विराट भजन संध्या विशेष आकर्षण होंगे।
इसी क्रम में 21 और 22 मई को उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 23 मई को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा 24 मई को संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा विशेष प्रस्तुति आयोजित होगी। 25 मई को गंगा अवतरण कार्यक्रम एवं भव्य आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव का समापन 26 मई को गंगा दशहरा के अवसर पर विशाल भंडारे के साथ होगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गंगा महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
इस मौके पर समिति के संस्थापक अध्यक्ष सुरेश चन्द्र बड़े बाबू, मीडिया प्रभारी नरेंद्र मौर्य चुन्नू बाबू, प्रमोद पाण्डेय, लालजी यादव, मिठाई लाल अज्जू, संजय कुमार, राधेश्याम दादा, विपुल मित्तल, शैलेन्द्र सिंह, इत्यादि प्रमुख लोग उपस्थित रहे।