छठ महापर्व में शामिल हुए योगी आदित्यनाथ, भोजपुरी में की छठी मइया की आराधना; बोले- यहां जाति-पाति और ऊंच-नीच का भेद नहीं
लखनऊ के गोमती तट पर संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
लखनऊ, 15 नवंबर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर लखनऊ में गोमती नदी किनारे लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ घाट पर आयोजित संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर छठी मइया के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने मुख्यमंत्री का स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी नेता भारत की सनातन परंपरा को कोसना तथा अपमानित करना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। 2017 से पहले सरकारों की उदासीनता के कारण त्योहारों पर अव्यवस्था और अराजकता होती थी। उपद्रव के समय सरकार मूकदर्शक बनी रहती थी लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। आज प्रदेश में धनतेरस, छोटी दीपावली, दीपावली, भाई दूज और छठ महापर्व पूरे उत्साह, शांति और सौहार्द के साथ मनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज देश और दुनिया के कोने-कोने में छठ महापर्व के गीत गूंज रहे हैं। छठ के गीतों को वैश्विक पहचान दिलाने वाली स्वर कोकिला एवं पद्म पुरस्कार से सम्मानित स्वर्गीय शारदा सिन्हा को याद किए बिना यह पर्व पूर्ण नहीं हो सकता। जिस प्रकार छठ हमारी लोक आस्था की आत्मा है, उसी प्रकार शारदा सिन्हा के स्वर इस महापर्व की सजीव धड़कन रहे हैं। उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों से छठ पर्व को वैश्विक पहचान दिलाई। मुख्यमंत्री ने शारदा सिन्हा की स्मृति को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री योगी ने भोजपुरी में की छठी मइया और भगवान सूर्य की आराधना
मुख्यमंत्री ने भोजपुरी में छठी मइया और भगवान सूर्य से सभी के मनोरथ पूरे होने तथा सब पर उनकी कृपा बनी रहने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक पर्वों और परंपराओं को लोक गायन, लोक संगीत और लोक कलाकारों ने नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं। जब किसी लोक पर्व के साथ मधुर धुन जुड़ती है तो उसे जन-जन की मान्यता मिलती है और वह लोगों की आवाज बन जाता है। छठ महापर्व प्रकृति, जल और भगवान सूर्य की असीम कृपा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। यह हमारा सौभाग्य है कि उत्तर प्रदेश को गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती और गोमती जैसी पवित्र नदियों का आशीर्वाद प्राप्त है।
भेदभाव के बिना भगवान सूर्य की उपासना का महापर्व है छठ
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि छठ भारत की सनातन सांस्कृतिक आत्मा का दिव्य प्रकाश है, जो श्रद्धा, पवित्रता, आत्मशुद्धि और कठोर अनुशासन का संदेश देता है। तीन दिनों तक निर्जल व्रत रखना अपने आप में कठिन साधना है। पंचमी से सप्तमी तक चलने वाला यह अनुष्ठान भगवान सूर्य के प्रति अटूट आस्था और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छठ की विशेषता यह भी है कि इसमें उगते सूर्य के साथ-साथ अस्ताचलगामी सूर्य को भी समान श्रद्धा और सम्मान के साथ अर्घ्य दिया जाता है। यह परंपरा जीवन का महत्वपूर्ण संदेश देती है कि उत्थान और अवसान, सुख और दुख, दोनों परिस्थितियों में मनुष्य का भाव समान रहना चाहिए।
छठ महापर्व सामाजिक समरसता का सबसे बड़ा उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व सामाजिक समरसता, समानता और एकात्मकता का सबसे बड़ा उदाहरण है। इस घाट पर न कोई छोटा है, न कोई बड़ा, न कोई ऊंच है और न कोई नीच। यहां सभी बराबर हैं। 'जाति-पाति पूछे नहिं कोई, हरि को भजे सो हरि का होई' की भावना को छठ महापर्व साकार कर रहा है। इस पर्व की सबसे बड़ी ताकत हमारी मातृशक्ति हैं। माताएं और बहनें 36-36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर कठिन तपस्या करती हैं। उनका यह व्रत केवल अपने परिवार के सुख-समृद्धि के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के लोक कल्याण के लिए समर्पित है। इसमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक समरसता का अद्भुत संदेश समाहित है।
कार्यक्रम में लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने छठ के पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित करने के साथ ही पत्रिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, लखनऊ भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।