प्रयागराज में भक्ति और उल्लास के साथ निकली विष्णु यज्ञ तुलसी विवाह महोत्सव की भव्य मंगल कलश यात्रा
मां तुलसी और भगवान शालिग्राम के जयकारों से गूंजा यमुना घाट, 16 नवंबर से शुरू होगा विष्णु महायज्ञ
प्रयागराज, 15 नवंबर तुलसी विवाह महोत्सव समिति की ओर से रविवार को विष्णु यज्ञ तुलसी विवाह महोत्सव का शुभारंभ भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ किया गया। बलुआ घाट बारादरी स्थित मां यमुना के तट पर विधि-विधान से कलश पूजन के बाद निकली यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मां तुलसी और भगवान शालिग्राम के जयकारों से यमुना घाट का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
समिति के संस्थापक यज्ञाचार्य संतोषानंद महाराज के आचार्यत्व में अध्यक्ष कृष्ण भगवान केसरवानी ने विधि-विधान से मंगल कलश पूजन किया। इसके बाद कलश यात्रा रवाना हुई। यात्रा में शामिल महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर मंगल कलश धारण किए। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए नाचते-गाते भगवान विष्णु, भगवान शालिग्राम और माता तुलसी के जयकारे लगा रहे थे। यात्रा में डीजे, बैंड, ढोल-नगाड़े और ध्वज-पताकाएं आकर्षण का केंद्र रहे।
कलश यात्रा बलुआ घाट बारादरी स्थित यमुना घाट से शुरू होकर बलुआ घाट चौराहा, सत्ती चौरा और बांसमंडी होते हुए मालवीय नगर स्थित तारा राम पीली संगत आश्रम पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम की संयोजिका रानी केसरवानी रहीं। यज्ञाचार्य संतोषानंद महाराज ने बताया कि 16 नवंबर को तारा राम पीली संगत आश्रम में मंडप एवं वेदी आह्वान के साथ विष्णु महायज्ञ शुरू होगा।
मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि 18 नवंबर को सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक वेदी पूजन और यज्ञ में आहुतियां दी जाएंगी। इसी दिन शाम सात बजे तुलसी विवाह तिलकोत्सव होगा। 19 नवंबर को दोपहर 12 बजे सिलमायन की रस्म निभाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को विष्णु यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद दोपहर दो बजे भगवान शालिग्राम और माता तुलसी की भव्य बारात एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। 21 नवंबर को सुबह विवाह संपन्न होगा। इसके बाद विदाई और खिचड़ी की रस्म निभाई जाएगी तथा भंडारा एवं प्रसाद वितरण होगा।
यात्रा में समिति के मुख्य संरक्षक हरिओम साहू, राजेश केसरवानी, धर्मेंद्र केसरवानी, नीरज जड़िया, कैलाश चंद्र केसरवानी, रानी केसरवानी, प्रीति रावत, निशा अग्रहरि, गीता गुप्ता शेरनी, कलावती और डॉ. सरिता सहित सैकड़ों महिलाएं, समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।