प्रयागराज में आधुनिक तकनीकों से जटिल ब्रेन और स्पाइन बीमारियों के इलाज पर विशेषज्ञों ने दिया प्रशिक्षण
यूपी-यूके न्यूरोकान 2026 के पहले दिन एंडोस्कोपिक, एंडोवैस्कुलर और रोबोटिक सर्जरी समेत एन्यूरिज्म उपचार की आधुनिक विधियों पर हुई कार्यशालाएं
प्रयागराज, 13 नवंबर । मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी जटिल बीमारियों के उपचार में आधुनिक तकनीकें नई संभावनाएं खोल रही हैं। एंडोस्कोपिक, एंडोवैस्कुलर और रोबोटिक सर्जरी जैसी विधियों से उपचार को अधिक सटीक और प्रभावी बनाने में मदद मिल रही है। इन तकनीकों के माध्यम से मस्तिष्क की रक्तवाहिनियों में गुब्बारेनुमा उभार (एन्यूरिज्म) का उपचार भी संभव हो रहा है। यूपी-यूके न्यूरोकान 2026 के पहले दिन शुक्रवार को विशेषज्ञों ने इन आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित ओल्ड एग्जामिनेशन हॉल में सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक न्यूरोसर्जरी और न्यूरोलॉजी की प्री-कांफ्रेंस कार्यशालाएं आयोजित की गईं। आयोजन सचिव डॉ. पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि कार्यशालाओं में चिकित्सकों और प्रतिभागियों को आधुनिक शल्य चिकित्सा तकनीकों, जांच और उपचार की प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
न्यूरोसर्जरी के अंतर्गत यूनिलैटरल बाइपोर्टल एंडोस्कोपी (UBE) पर डॉ. गौरव बंसल, डॉ. अहमद अंसारी और डॉ. ओपी सिंह ने प्रशिक्षण दिया। मोनोपोर्टल एंडोस्कोपी और दर्द प्रबंधन के लिए नर्व ब्लॉक्स के सत्र में डॉ. अचल गुप्ता ने तकनीक के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। स्पाइन सर्जरी और एंडोवैस्कुलर तकनीकों पर भी अलग-अलग कार्यशालाएं हुईं।
एंडोवैस्कुलर सत्र में डॉ. दीपक कुमार सिंह ने मस्तिष्क की रक्तवाहिनियों से संबंधित बीमारियों के उपचार की आधुनिक विधियां बताईं। उन्होंने एन्यूरिज्म को बंद करने की नई तकनीकों का भी प्रशिक्षण दिया।
न्यूरोलॉजी की कार्यशालाओं में ईईजी पर डॉ. विनोद कुमार पुरी ने जानकारी दी। ट्रांसक्रेनियल डॉप्लर के सत्र में डॉ. वरुण सिंह और डॉ. अभिषेक पाठक ने प्रशिक्षण दिया। इसके अलावा मूवमेंट डिसऑर्डर के उपचार में बोटॉक्स इंजेक्शन के उपयोग और उसे लगाने की सूक्ष्म तकनीकों के बारे में डॉ. श्वेता पांडेय, डॉ. अब्दुल कावी और डॉ. सौरभ कुमार ने जानकारी साझा की।
आयोजन अध्यक्ष डॉ. मुकुल पांडेय ने बताया कि शुक्रवार शाम रेडिसन होटल में वीडियो प्रस्तुतिकरण सत्र आयोजित किए गए। इसमें जटिल एन्यूरिज्म की एंडोवैस्कुलर कॉइलिंग, माइक्रोवैस्कुलर एनास्टोमोसिस, कैरोटिको-कैवर्नस फिस्टुला का एंडोवैस्कुलर उपचार, माइक्रो न्यूरोसर्जरी और एंडोस्कोपिक एन्यूरिज्म क्लिपिंग जैसी आधुनिक प्रक्रियाओं के वीडियो प्रस्तुत किए गए। दूसरे सत्र में ब्रेन ट्यूमर (ग्लायोमा), ड्यूरल आर्टेरियोवेनस फिस्टुला, एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी और रोबोटिक ब्रेन एवं स्पाइन सर्जरी से जुड़े अनुभव साझा किए गए।
डॉ. पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन के मुख्य अकादमिक सत्र 14 और 15 नवंबर को एएमए कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होंगे। इनमें न्यूरोसर्जरी और न्यूरोलॉजी के विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे।
कार्यशालाओं के आयोजन में डॉ. ओपी सिंह, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. यतेन्द्र शुक्ला, डॉ. गुलाब सोनी, डॉ. अक्षत पांडेय और डॉ. सिद्धार्थ सिंह ने सहयोग किया। इस अवसर पर प्रो. एसपीएस चौहान, प्रो. एनसी द्विवेदी, डॉ. कार्तिकेय शर्मा, डॉ. मुकुल पांडेय, प्रो. एनएन गोपाल, डॉ. प्रकाश खेतान, डॉ. सुशील मिश्रा, डॉ. कमलेश कुमार सोनकर, डॉ. विमल पालीवाल, डॉ. अनंत मेहरोत्रा, डॉ. सत्यदेव पांडेय, डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. प्रभात सिंह, डॉ. नितिश कुमार सिंह, डॉ. अंचल चौहान, डॉ. आशीष राय, डॉ. अर्चना ओझा, डॉ. बीके सिंह, डॉ. सचिन सिंह, डॉ. सौरभ आनंद दुबे, डॉ. मोहम्मद तारिक अंसारी और डॉ. आरपी पांडेय सहित कई चिकित्सक उपस्थित रहे।