पं. जनेश्वर मिश्र की जयंती पर सपा का संकल्प, 2027 में सरकार बनाने का दावा
पं. जनेश्वर मिश्र की जयंती पर सपा का संकल्प, 2027 में सरकार बनाने का दावा
जौनपुर, 05 अगस्त)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी जौनपुर ने बुधवार को पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद पंडित जनेश्वर मिश्र की 94वीं जयंती जिला कार्यालय में श्रद्धापूर्वक मनाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की।इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पं. जनेश्वर मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आयोजित गोष्ठी का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि पं. जनेश्वर मिश्र समाजवादी विचारधारा के प्रखर चिंतक, संघर्षशील नेता तथा गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्ग की सशक्त आवाज थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय और समाजवादी मूल्यों के लिए समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाजवादियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पं. जनेश्वर मिश्र के विचारों पर चलने तथा वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, मोहम्मद अरशद खान, डॉ. अवधनाथ पाल, हिसामुद्दीन शाह, रमापति यादव सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। अंत में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामलाल पाल के परिजन सहित अन्य दिवंगत लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।-----------