राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में MA लोक प्रशासन शुरू, 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन

किसी भी विषय से स्नातक विद्यार्थी दाखिला ले सकते हैं; दो वर्षीय पाठ्यक्रम सिविल सेवा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वालों के लिए भी उपयोगी बताया गया।

राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में MA लोक प्रशासन शुरू, 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन

प्रयागराज, 23 सितंबर । उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र जुलाई 2026 के लिए एमए लोक प्रशासन पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के दूरस्थ शिक्षा ब्यूरो से मान्यता मिलने के बाद यह दो वर्षीय स्नातकोत्तर कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें प्रवेश के लिए किसी भी विषय में स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है।

डॉ. प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से संचालित इस पाठ्यक्रम से नौकरी, व्यवसाय या अन्य जिम्मेदारियों के कारण नियमित कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाने वाले विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, महिलाओं और कार्यरत युवाओं के लिए यह पाठ्यक्रम उपयोगी है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में लोक प्रशासन शासन, प्रशासन और विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। सुशासन को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षित एवं योग्य मानव संसाधन की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय ने एमए लोक प्रशासन कार्यक्रम शुरू किया है।

यह पाठ्यक्रम दो वर्ष का होगा और चार सेमेस्टर में विभाजित रहेगा। इसमें प्रवेश के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक होना आवश्यक है। कला, विज्ञान, वाणिज्य, विधि, प्रबंधन, कंप्यूटर सहित सभी विषयों के स्नातक विद्यार्थी इसमें प्रवेश ले सकते हैं।

सिविल सेवा की तैयारी में भी मिलेगा लाभ

समाज विज्ञान विद्या शाखा के निदेशक प्रो. एस. कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण स्व-अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सामग्री अनुभवी शिक्षकों, विषय विशेषज्ञों और प्रशासनिक अधिकारियों के परामर्श से तैयार की गई है। विद्यार्थियों के लिए परामर्श कक्षाएं, ऑनलाइन व्याख्यान और संदेह निवारण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

लोक प्रशासन की शिक्षिका डॉ. सोहनी देवी ने बताया कि यह अंतर्विषयक पाठ्यक्रम है, जिसका संबंध राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, इतिहास, विधि और प्रबंधन सहित कई विषयों से है। पाठ्यक्रम में सुशासन, लोक नीति, विकास प्रशासन, प्रशासनिक सिद्धांत, कार्मिक प्रशासन, वित्तीय प्रशासन, ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन और स्थानीय स्वशासन जैसे विषय शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि यह पाठ्यक्रम सिविल सेवा, राज्य लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन आयोग, यूजीसी नेट, उच्च शिक्षा, शोध, गैर सरकारी संगठनों और लोक नीति के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगा।

विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रभारी प्रो. जे.पी. यादव ने अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन करने की अपील की है। इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश, शुल्क और पाठ्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट और समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध है।