बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सर्वोच्च प्राथमिकता, एसआरएन में सभी निर्माण कार्य पूरे हों समयबद्ध : ब्रजेश पाठक
एसआरएन का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के दिए निर्देश, 100 बेड अस्पताल और चिल्ड्रेन हॉस्पिटल का कार्य जल्द पूरा कराने पर दिया जोर
प्रयागराज, 02 अगस्त । उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) का निरीक्षण कर कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं का टेंडर हो चुका है, उनका निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कर जनता के लिए शीघ्र शुरू किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने एसआरएन की पुरानी बिल्डिंग, विभिन्न वार्डों, आपातकालीन सेवाओं, निर्माणाधीन चिल्ड्रेन हॉस्पिटल और अन्य निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन चिल्ड्रेन हॉस्पिटल का कार्य तेजी से पूरा कर बच्चों के उपचार की सुविधा जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वीकृत 100 बेड अस्पताल के निर्माण कार्य को भी तत्काल प्रारंभ कराने को कहा।
उप मुख्यमंत्री ने पुरानी बिल्डिंग में क्षतिग्रस्त फॉल्स सीलिंग, उखड़ी हुई खिड़कियों और पुरानी विद्युत वायरिंग पर नाराजगी जताते हुए तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों की समय पर अद्यतन व्यवस्था सुनिश्चित करने और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं और उनका दोबारा निरीक्षण भी किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। अस्पताल परिसर में स्वच्छता, पेयजल, दवा वितरण, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी उन्होंने जोर दिया।
इसी दौरान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया वेलफेयर क्लब के अध्यक्ष धीरेंद्र द्विवेदी तथा मीडिया क्लब प्रयागराज के प्रतिनिधियों ने पत्रकारों के लिए सरकारी अस्पतालों में अलग उपचार व्यवस्था और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की मांग रखी। इस पर उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में मान्यता प्राप्त एवं गैर-मान्यता प्राप्त सभी पत्रकारों के उपचार और आवश्यक चिकित्सीय जांच की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मीडिया से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने कहा कि मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में लखनऊ और दिल्ली के बड़े सरकारी अस्पतालों की तर्ज पर आधुनिक एवं उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज और आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर इलाज अपने ही शहर में उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
निरीक्षण से पूर्व उप मुख्यमंत्री ने एक स्थानीय समाचार पत्र के कार्यक्रम में भाग लिया तथा मनकामेश्वर मंदिर में भगवान शिव के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।